'500 साल बाद भी युवाओं के रोल मॉडल रहेंगे भगत सिंह', CM मान बोले- सरकारें आती-जाती हैं, सिर्फ काम याद रहता है
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि शहीद भगत सिंह अपने विचारों के कारण 500 साल बाद भी युवाओं के रोल ...और पढ़ें

सीएम मान बोले पंजाब को आगे बढ़ाने के लिए प्रयास करना होगा।
HighLights
भगत सिंह विचारों से बड़े, हमेशा रहेंगे युवाओं के रोल मॉडल
सरकारें आती-जाती हैं, सिर्फ अच्छा काम याद रहता है
पंजाब शिक्षा में सुधार, 27वें से तीसरे स्थान पर पहुंचा
रोहित कुमार, चंडीगढ़। मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने शहीद भगत सिंह के विचारों का उल्लेख करते हुए कहा कि व्यक्ति अपनी उम्र से नहीं, बल्कि अपने विचारों से बड़ा होता है।
उन्होंने कहा कि आज से 500 साल बाद भी भगत सिंह युवाओं के रोल माडल बने रहेंगे, क्योंकि उनके विचार बहुत बड़े थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकारें, मंत्री और अधिकारी स्थायी नहीं होते, लेकिन यदि कोई व्यक्ति पंजाब और समाज के लिए अच्छा काम करके जाता है तो लोग उसे लंबे समय तक याद रखते हैं।
मान ने भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव जैसे शहीदों के बलिदान का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्होंने पूरे देश के लिए संघर्ष किया। भगत सिंह को आज भी याद किया जाता है, क्योंकि उन्होंने अपने विचारों और बलिदान से लोगों के दिलों में जगह बनाई। मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं को शहीदों के विचारों से प्रेरणा लेनी चाहिए।
पंजाब को फिर पंजाब बनाने की अपील
मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब को आगे बढ़ाने के लिए सभी को मिलकर प्रयास करना होगा। केवल उम्मीद करने से कुछ हासिल नहीं होता, बल्कि उसके लिए मेहनत करनी पड़ती है। उन्होंने कहा कि पंजाब की धरती पर फिर से खुशहाली, शांति और भाईचारा होना चाहिए।
मान ने कहा कि पंजाब गुरुओं, पीरों, फकीरों और शहीदों की धरती है। राज्य के लोगों ने कठिन परिस्थितियों में भी हिम्मत नहीं छोड़ी। उन्होंने अधिकारियों और जनता से ऐसा काम करने की अपील की, जिससे आने वाली पीढ़ियों का भविष्य बेहतर हो सके।
शिक्षा में सुधार का दिया उदाहरण
मुख्यमंत्री ने पंजाब की शिक्षा व्यवस्था में हुए बदलाव का उल्लेख करते हुए कहा कि वर्ष 2021 में राज्य स्कूल शिक्षा के मामले में 27वें स्थान पर था। शिक्षकों के प्रशिक्षण, प्रयोगशालाओं और स्मार्ट कक्षाओं जैसी सुविधाओं के विकास के बाद पंजाब तीसरे स्थान पर पहुंचा।
उन्होंने कहा कि शिक्षकों को प्रशिक्षण के लिए सिंगापुर और फिनलैंड भेजने तथा स्कूलों में बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने जैसे प्रयासों से सुधार हुआ। मुख्यमंत्री ने इसे लगातार मेहनत और प्रयासों का परिणाम बताया।
मान ने कहा कि यही सोच दूसरे क्षेत्रों में भी अपनाने की जरूरत है। यदि सभी लोग अपनी जिम्मेदारी निभाएं तो पंजाब को आगे बढ़ाया जा सकता है।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में यह भी कहा कि किसी व्यक्ति की पहचान उसके पद से नहीं, बल्कि उसके काम से बनती है। भगत सिंह इसका उदाहरण हैं, जिनके विचार आने वाली पीढ़ियों को भी प्रेरित करते रहेंगे। उन्होंने सभी से पंजाब के लिए ऐसा योगदान देने की अपील की, जिसे लोग लंबे समय तक याद रखें।
