विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'जुगनू में पुलिसवाला बनता था, जानता हूं कितनी मुश्किल...', पंजाब पुलिस के लिए CM भगवंत मान का बड़ा एलान

Published: Fri, 16 Oct 2026 03:43 PM (IST)

मुख्यमंत्री भगवंत मान ने पंजाब पुलिस के लिए 117 नई गाड़ियों की घोषणा की, पुलिसकर्मियों की चुनौतियों को समझते हुए संसाधनों की आवश्यकता पर जोर दिया।

मुख्यमंत्री ने किया 117 नई गाड़ियों का एलान

मुख्यमंत्री ने किया 117 नई गाड़ियों का एलान


HighLights

  1. मुख्यमंत्री ने पंजाब पुलिस के लिए 117 नई गाड़ियां घोषित कीं

  2. जुगनू में पुलिसवाले के किरदार का अनुभव साझा किया

  3. पुलिसकर्मियों की चुनौतियों और संसाधनों की आवश्यकता पर जोर दिया

रोहित कुमार, चंडीगढ़। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने पुलिसकर्मियों की जिम्मेदारियों और उनके सामने आने वाली चुनौतियों का जिक्र करते हुए कहा कि पुलिस को बदनाम करना बहुत आसान है।

उन्होंने अपने अभिनय के अनुभव का उल्लेख करते हुए कहा कि वह खुद 'जुगनू' में पुलिसवाले का किरदार निभाते रहे हैं। मुख्यमंत्री ने पुलिस अधिकारियों से कहा कि उन्हें पता है कि पुलिस की ड्यूटी कितनी चुनौतीपूर्ण होती है। कई बार किसी घटना के दौरान पुलिसकर्मियों को बेहद कम समय में मौके पर पहुंचकर स्थिति संभालनी पड़ती है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यदि पुलिस किसी घटना में सबसे पहले पहुंच जाती है तो आरोप लगाया जाता है कि पुलिस ने काम खराब कर दिया। यदि पुलिस को घटनास्थल पर पहुंचने में थोड़ा समय लग जाए तो सवाल उठने लगते हैं कि पुलिस क्या कर रही थी।

उन्होंने कहा कि ऐसी परिस्थितियों में पुलिस की जिम्मेदारी और उसके काम की कठिनाइयों को भी समझना चाहिए। मान ने पुलिस अधिकारियों के काम की सराहना करते हुए कहा कि उन्हें जरूरी संसाधन उपलब्ध करवाना आवश्यक है।

मांग उठी तो मौके पर 117 गाड़ियों का एलान

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में पुलिस अधिकारियों की ओर से गाड़ियों की मांग उठाए जाने का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि अधिकारियों ने गाड़ियों की जरूरत बताई और उपलब्ध फंड के बारे में बात हुई। इसके बाद उन्होंने मौके पर ही 117 गाड़ियां देने की घोषणा कर दी।

मान ने कहा कि पहले पुलिस को ऐसी गाड़ियों से काम चलाना पड़ता था, जिनके अलग-अलग हिस्से भी अलग-अलग माडल के होते थे। किसी गाड़ी का बंपर किसी दूसरे माडल का होता था तो पीछे का हिस्सा किसी अन्य माडल का। ऐसी स्थिति में पुलिसकर्मियों को परेशानियों का सामना करना पड़ता था। अब नई गाड़ियां मिलने से पुलिस के कामकाज में मदद मिलेगी।

मान ने अधिकारियों को दिया निर्देश

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि गाड़ियों को संभालकर रखा जाए। उन्होंने कहा कि वाहनों का उचित रखरखाव होना चाहिए, ताकि वे लंबे समय तक काम आ सकें। उन्होंने पुलिस के लिए मोटरसाइकिलों और एंटी-ड्रोन प्रणाली का भी उल्लेख किया।

मान ने कहा कि पुलिस की जिम्मेदारी केवल कार्रवाई करना नहीं, बल्कि जनता का विश्वास बनाए रखना भी है। उन्होंने अधिकारियों से ईमानदारी से ड्यूटी निभाने की अपील की और कहा कि अच्छा काम करने वाले अधिकारियों को लोग उनके तबादले के बाद भी याद रखते हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब पुलिस को आधुनिक सुविधाओं से लैस करना जरूरी है, क्योंकि राज्य की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है।