विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

CM भगवंत मान ने करतारपुर साहिब जाने के लिए केंद्र से मांगी अनुमति, पहले भी कई विदेशी दौरों पर लग चुका है अड़ंगा

Published: Wed, 18 Nov 2026 08:27 PM (IST)

मुख्यमंत्री भगवंत मान ने पाकिस्तान स्थित श्री करतारपुर साहिब जाने के लिए विदेश मंत्रालय से राजनीतिक मंजूरी मांगी है। यह ...और पढ़ें

पंजाब के CM भगवंत मान। फाइल फोटो

पंजाब के CM भगवंत मान। फाइल फोटो

HighLights

  1. मुख्यमंत्री मान ने करतारपुर साहिब जाने को मांगी मंजूरी।

  2. पहले भी कई विदेशी दौरों पर केंद्र ने लगाई रोक।

  3. फ्रांस दौरे पर हाईकोर्ट से मिली थी राहत, लगा था जुर्माना।

रोहित कुमार, चंडीगढ़। मुख्यमंत्री भगवंत मान अब पाकिस्तान स्थित श्री करतारपुर साहिब में माथा टेकने जाना चाहते हैं। इसके लिए उन्होंने विदेश मंत्रालय से राजनीतिक मंजूरी मांगी है। मुख्यमंत्री 24 नवंबर को श्री गुरु नानक देव जी के 557वें प्रकाश पर्व के अवसर पर गुरुद्वारा दरबार साहिब, करतारपुर में नतमस्तक होना चाहते हैं।

हालांकि, पाकिस्तान जाने के लिए उन्हें केंद्र सरकार की राजनीतिक मंजूरी के साथ अन्य जरूरी औपचारिकताएं भी पूरी करनी होंगी। मुख्यमंत्री के इस प्रस्ताव के साथ ही एक बार फिर उनके विदेशी दौरों को लेकर केंद्र और पंजाब सरकार के बीच पहले हुए विवाद चर्चा में आ गए हैं।

भगवंत मान को पिछले दो वर्षों में कई बार विदेशी दौरों के लिए राजनीतिक मंजूरी नहीं मिली। अगस्त 2024 में उन्होंने पेरिस ओलंपिक के दौरान भारतीय पुरुष हॉकी टीम का उत्साह बढ़ाने के लिए फ्रांस जाने की अनुमति मांगी थी। उन्हें 3 से 9 अगस्त तक पेरिस में रहना था, लेकिन विदेश मंत्रालय ने मंजूरी देने से इनकार कर दिया।

संजीव अरोड़ा का भी दौरा हुआ था रद

उस समय मुख्यमंत्री की जेड-प्लस सुरक्षा और कम समय में विदेश में सुरक्षा व्यवस्था करने में आने वाली दिक्कतों का हवाला दिया गया था। जनवरी 2026 में मुख्यमंत्री और तत्कालीन उद्योग मंत्री संजीव अरोड़ा का ब्रिटेन और इजरायल का प्रस्तावित निवेश दौरा भी मंजूरी नहीं मिलने के कारण रद हो गया।

इसके बाद फरवरी में नीदरलैंड और चेक गणराज्य जाने का कार्यक्रम बनाया गया। 25 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल को निवेशकों से मिलना था, लेकिन निर्धारित रवाना होने के समय तक मंजूरी नहीं मिली। बाद में विदेश मंत्रालय ने अनुमति दी, लेकिन तब तक दौरा रद हो चुका था।

सितंबर 2026 में मुख्यमंत्री ने जापान में एशियन गेम्स के दौरान भारतीय हाकी टीम के मुकाबले देखने के लिए राजनीतिक मंजूरी मांगी। एशियन हाकी फेडरेशन ने उन्हें आमंत्रित किया था, लेकिन यह अनुमति भी नहीं मिली। हालांकि, दिसंबर 2025 में मान जापान और दक्षिण कोरिया के आधिकारिक निवेश दौरे पर जा चुके हैं।

फ्रांस दौरे के लिए हाईकोर्ट जाना पड़ा

अक्टूबर 2026 में फ्रांस के पेरिस में आयोजित सियाल पेरिस खाद्य प्रदर्शनी में पंजाब के कृषि और खाद्य उत्पादों को प्रमोट करने के लिए मुख्यमंत्री ने दौरे की योजना बनाई। विदेश मंत्रालय ने राजनीतिक मंजूरी देने से इनकार कर दिया तो पंजाब सरकार ने पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट का रुख किया।

हाईकोर्ट से राहत मिलने के बाद मान 16-17 अक्टूबर की रात फ्रांस रवाना हुए। वहां मार्कफेड के उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय बाजार में प्रदर्शित किया गया।

फ्रांस से लौटने के बाद 20 अक्टूबर को दिल्ली एयरपोर्ट पर कस्टम अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को करीब तीन घंटे रोके रखा और 50 हजार रुपये का जुर्माना लगाया। वह पत्नी के साथ पेरिस से लौटे थे।

कस्टम अधिकारियों के अनुसार, उन्होंने ग्रीन चैनल से निकलने का विकल्प चुना था, जबकि उनके सामान में कुछ ऐसी वस्तुएं थीं जिनकी घोषणा और कस्टम क्लीयरेंस जरूरी थी। मुख्यमंत्री की ओर से बाद में जुर्माने की राशि की भरपाई की गई।

वीजा देने पर किया जा सकता है विचार

अब करतारपुर साहिब जाने के लिए राजनीतिक मंजूरी का मामला सामने है। 23 अक्टूबर को पंजाब विधानसभा में मुख्यमंत्री ने पाकिस्तान में होने वाली चौथी अंतरराष्ट्रीय पंजाबी कॉन्फ्रेंस में शामिल होने और करतारपुर साहिब व ननकाना साहिब के दर्शन करने की इच्छा जताई थी।

पाकिस्तान के मंत्री रमेश सिंह अरोड़ा ने उन्हें और पंजाब विधानसभा के सदस्यों को आमंत्रित किया है। पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता सज्जाद हैदर खान ने 6 नवंबर को कहा था कि मान के आवेदन करने पर वीजा देने पर विचार किया जा सकता है।

मुख्यमंत्री ने 16 नवंबर को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से करतारपुर कारिडोर दोबारा खोलने की अपील भी की थी। यह कारिडोर 7 मई 2025 से बंद है। अब मुख्यमंत्री के सामने सबसे बड़ी चुनौती भारत सरकार से राजनीतिक मंजूरी हासिल करना है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।