चंडीगढ़ के चिन्नी हत्याकांड में शूटर की पेशी टली, पटियाला जेल की बत्ती गुल होने से नहीं हो सकी वीडियो कॉन्फ्रेसिंग
पटियाला जेल में बिजली गुल होने के कारण चिन्नी कुबाहेड़ी हत्याकांड के मुख्य शूटर राजन की चंडीगढ़ कोर्ट में वीडियो ...और पढ़ें

18 मार्च को दो शूटरों ने सेक्टर-9 में चिन्नी की गोलियां मारकर हत्या की थी।
HighLights
पटियाला जेल में बंद है शूटर राजन।
16 नवंबर को होगी अगली सुनवाई।
गोलियां मारकर की थी चिन्नी की हत्या।
जागरण संवाददाता, चंडीगढ़। शहर के चर्चित चिन्नी कुबाहेड़ी हत्याकांड में बुधवार को मुख्य शूटर राजन उर्फ पीयूष पहलवान को चंडीगढ़ जिला अदालत में पेश किया जाना था। वह इस समय पटियाला जेल में बंद है और वीडियो काॅन्फ्रेंसिंग से उसे पेश किया जाना था, लेकिन इससे पहले ही जेल में पावर फेलियर हो गया।
पटियाला जेल की बिजली गुल हो गई, जिस कारण राजन को चंडीगढ़ कोर्ट में पेश नहीं किया जा सका। हालांकि, बुड़ैल जेल और करनाल जेल में बंद अन्य आरोपितों को वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से पेश किया गया। ऐसे में जज ने अगली तारीख पर उसे फिर से पेश किए जाने के आदेश जारी कर दिए।
मामले में अगली सुनवाई 16 नवंबर को होगी। इस मामले में राजन समेत आठ आरोपित हैं। 18 मार्च को सेक्टर-9 में प्राॅपर्टी डीलर चमनप्रीत सिंह उर्फ नागरा उर्फ चिन्नी कुबाहेड़ी की गोलियां मारकर हत्या कर दी गई थी।
चिन्नी की हत्या की साजिश सेक्टर-35 निवासी अमरीन कौर ने रची थी और मोहाली निवासी हर्ष सोहाणा ने उसका साथ दिया था। उन्होंने विदेश बैठे गैंग्सटर लक्की पटियाल के जरिए चिन्नी की हत्या करवाई थी।
प्राॅपर्टी डील में धोखा, फिर हुई दुश्मनी
केस के मुताबिक अमरीन ने कुछ समय पहले चिन्नी से न्यू चंडीगढ़ में एक प्राॅपर्टी खरीदी थी। अमरीन को लगता था कि चिन्नी ने उसे धोखा दिया और माैजूदा कीमत से कहीं महंगी प्राॅपर्टी उसे बेच दी। इसके अलावा चिन्नी ने उसे प्राॅपर्टी का कब्जा भी नहीं दिया था, जिस कारण उसे काफी नुकसान हुआ था।
इस कारण दोनों में विवाद हो गया। इस बीच अमरीन की मुलाकात हर्ष से हुई। हर्ष ने अमरीन की बात लक्की पटियाल से करवाई। उनके बीच इंटरनेट मीडिया और कुछ एनक्रिप्टेड मोबाइल एप्स के जरिए बातचीत होती थी। अमरीन ने चिन्नी की हत्या के बदले लक्की पटियाल को मोटी रकम देने का वादा किया था।
फिर 18 मार्च को दो शूटरों ने सेक्टर-9 में चिन्नी की गोलियां मारकर हत्या कर दी। वारदात के अगले ही दिन पंजाब पुलिस ने दोनों शूटरों फिरोजपुर निवासी राजन उर्फ पीयूष पहलवान और नवांशहर निवासी प्रीतम शाह को गिरफ्तार कर लिया था।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।