चीनी App से ठगी: दो आरोपितों को लेकर राजस्थान गई चंडीगढ़ पुलिस, कई बैंक अधिकारी रडार पर
चीनी एप से तत्काल लोन देने के बहाने लोगों से ठगी करने वाले गिरोह के दो सदस्यों को लेकर चंडीगढ़ साइबर क्राइम पुलिस राजस्थान लेकर गई है। आरोपितों की निशानदेही पर पुलिस बैंक अधिकारियों से गिरोह के जुड़े लिंक खंगालने में लगी है।
जागरण संवाददाता, चंडीगढ़। चीनी एप से तत्काल लोन देने के बहाने लोगों से ठगी करने वाले गिरोह के दो सदस्यों को लेकर चंडीगढ़ साइबर क्राइम पुलिस राजस्थान लेकर गई है। आरोपितों की निशानदेही पर पुलिस बैंक अधिकारियों से गिरोह के जुड़े लिंक खंगालने में लगी है। इससे पहले मंगलवार को पुलिस ने गिरोह के चार सदस्यों को जिला अदालत में पेश किया था। गिरोह में शामिल वकील व जीएसटी के सलाहकार सुनील कुमार और उसके सहयोगी अकाउंटेंट एलएलबी छात्र अभिषेक को न्यायिक हिरासत भेज दिया गया। जबकि, आरोपित शशिकांत और अशोक कुमार को दो दिन के रिमांड में भेजा है।
पुलिस के अनुसार आरोपित अशोक और शशिकांत जरूरतमंद लोगों को पैसे का लालच देकर उनका बैंक अकाउंट इस्तेमाल करते थे। ठगी के पैसे उनके अकाउंट में ट्रांसफर कर हेराफेरी का खेल गिरोह के दूसरे सदस्य करते थे। इसी तरह आरोपित वकील सुनील और अभिषेक पैसे और जीएसटी की हेराफेरी करते थे। अब पुलिस इन दोनों आरोपितों से पांच राज्यों में अलग-अलग बैंक के संदिग्ध अधिकारियों की पहचान करने में लगी है। इसमें दिल्ली एनसीआर, वेस्ट बंगाल, तमिलनाडू, राजस्थान के जयपुर-जोधपुर स्थित बैंकों के अधिकारियों के नाम शामिल हैं।
ऐसे बनाते हैं शिकार
मोबाइल का इस्तेमाल करने वाले लोग इनका शिकार इसलिए बन जाते हैं क्योंकि एक क्लिक पर लोन का पैसा बैंक खाते में आज जाता है। लेकिन यह रकम 2000, 5000, 8000 या 10000 की होती है। उसके बाद इन साइबर ठगों का खेल शुरू हो जाता है और बार-बार फोन करके लोन लेने वाले को धमकाने लगते हैं। उनकी इज्जत को तार-तार करने और समाज में उनको बदनाम करने की धमकी देकर पैसों की वसूली करते हैं।