अमेरिका के नागरिकों से 261 करोड़ की ठगी, चंडीगढ़ के बड़े नेताओं का करीबी चेतन मुंजाल हैदराबाद से गिरफ्तार
ईडी ने अमेरिकी नागरिकों से 261 करोड़ रुपये की ठगी करने वाले अंतरराष्ट्रीय फर्जी कॉल सेंटर नेटवर्क का भंडाफोड़ किया ...और पढ़ें

चेतन मुंजाल को ईडी ने किया गिरफ्तार।
HighLights
फर्जी कॉल सेंटर नेटवर्क का भंडाफोड़ किया।
चार आरोपित हैदराबाद से गिरफ्तार हुए।
काला घोड़ा रेस्टोरेंट को ठगी के पैसे मिले, जांच जारी।
जागरण संवाददाता, चंडीगढ़। ईडी ने अमेरिकी नागरिकों को सरकारी एजेंसियों का अधिकारी बनकर डराने और उनसे करोड़ों रुपये की ठगी करने वाले अंतरराष्ट्रीय फर्जी काॅल सेंटर नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। ईडी ने चार आरोपितों को हैदराबाद से गिरफ्तार किया है, जिनमें चंडीगढ़ के बड़े नेताओं का करीबी चेतन मुंजाल, हर्षिल नयनभाई रावल, जसवंत सिंह और प्रणव पिथाड़िया शामिल हैं।
चारों को हैदराबाद की विशेष पीएमएलए अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। अब तक इस मामले में सात गिरफ्तारियां हो चुकी हैं। इससे पहले ईडी ने विकास निमार, ताराचंद निमार और मोहम्मद इरफान अंसारी को गिरफ्तार किया था।
चेतन मुंजाल का नाम सामने आने के बाद शहर की राजनीति में काफी हलचल हो गई है, क्योंकि वह एक बड़ी राजनीतिक पार्टी से संबंध रखता है। चेतन का नाम लारेंस गैंग से भी जोड़ा जाता है।
आठ साल पहले सेक्टर-26 के एफबार में भाजपा नेता सहदेव सलारिया की बर्थडे पार्टी में गोली चलने के मामले में भी चेतन पकड़ा गया था। ईडी के मुताबिक चेतन अपने नेटवर्क का इस्तेमाल कर इस फर्जी काल सेंटर नेटवर्क को प्रोटेक्शन दिलवाता था।
ऐसे करते थे ठगी
यह गिरोह भारत से फर्जी काॅल सेंटर चलाकर अमेरिकी नागरिकों को निशाना बनाता था। पहले अमेरिकी नागरिकों को उनके बैंक खातों में फर्जी खरीदारी या संदिग्ध ट्रांजेक्शन होने का झांसा देकर डराया जाता था। इसके बाद काॅल करने वाले खुद को अमेरिकी ड्रग एनफोर्समेंट एडमिनिस्ट्रेशन (डीईए), डिपार्टमेंट आफ जस्टिस, फेडरल ट्रेड कमीशन और डिपार्टमेंट ऑफ ट्रेजरी का अधिकारी बताकर डराते थे।
आरोपित फर्जी पहचान पत्र, बैज, सरकारी पत्र और अदालत के दस्तावेजों का इस्तेमाल करते थे। कानूनी कार्रवाई और गिरफ्तारी की धमकी देकर पीड़ितों से नकदी और सोना लेने के लिए लोगों को भेजा जाता था। कई लोगों से कूरियर के जरिए नकदी मंगवाई जाती थी, जबकि कुछ से म्यूल बैंक खातों में रकम ट्रांसफर करवाई जाती थी।
चंडीगढ़ के काला घोड़ा रेस्टोरेंट का भी आया नाम
इस मामले में चंडीगढ़ के सेक्टर-26 स्थित रेस्टोरेंट काला घोड़ा का भी नाम सामने आया है। चेतन मुंजाल इस रेस्टोरेंट को चलाने वाली कंपनी रबदित्ता कारपोरेट्स में 25 प्रतिशत का मालिक है। ईडी की जांच में पता चला है कि इस ठगी के अर्जित रकम में से 23.19 लाख रुपये काला घोड़ा रेस्टोरेंट को ट्रांसफर हुए थे।
ठगी का नेटवर्क
- 549 अमेरिकी नागरिक बने शिकार, इनमें अधिकतर बुजुर्ग
- 6,463 अमेरिकी नंबरों पर किया गया संपर्क
- 27.39 मिलियन डाॅलर यानी 261 करोड़ रुपये ठगे
- अमेरिका के 15 बैंकों में 397 खातों से हुआ लेनदेन
- दुबई और हांगकांग तक पहुंची रकम
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।