विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

शीशा हटते ही पुलिसवाले ने ठोका सलाम, मोहाली में रोडवेज कर्मियों के प्रोटेस्ट से VIP एंट्री लेकर निकले चन्नी

Published: Fri, 23 Oct 2026 06:45 PM (GMT+05:30)

पंजाब रोडवेज, पनबस और पीआरटीसी के कांट्रेक्ट वर्कर्स के धरने के कारण मोहाली के फेज-6 चौक पर नाकाबंदी की गई थी।

पंजाब रोडवेज के कर्मचारियों के प्रदर्शन के बीच मोहाली में पूर्व सीएम चन्नी के काफिले के लिए पुलिस वालों ने बैरिकेड खोला।

पंजाब रोडवेज के कर्मचारियों के प्रदर्शन के बीच मोहाली में पूर्व सीएम चन्नी के काफिले के लिए पुलिस वालों ने बैरिकेड खोला।

HighLights

  1. कांट्रेक्ट वर्कर्स ने अपनी मांगों को लेकर मोहाली में धरना दिया

  2. पुलिस ने फेज-6 चौक पर नाकाबंदी कर रास्ता किया बंद

  3. पूर्व सीएम चन्नी के काफिले को नाके से जाने दिया गया

लखवंत सिंह, मोहाली। पंजाब रोडवेज, पनबस और पीआरटीसी के कांट्रेक्ट वर्कर्स की ओर से अपनी मांगों को लेकर फेज-6 बस स्टैंड पर धरना दिया गया। प्रदर्शनकारियों ने अपनी मांगों के समर्थन में चंडीगढ़ विधानसभा और मुख्यमंत्री भगवंत मान की कोठी की ओर कूच करने का एलान किया था।

इसे देखते हुए मोहाली पुलिस और चंडीगढ़ पुलिस की ओर से फेज-6 चौक के पास नाकाबंदी कर रास्ता बंद कर दिया गया था। इस दौरान आम वाहनों को चंडीगढ़ की तरफ जाने से रोका जा रहा था।

चन्नी के काफिले के लिए पुलिस ने खोला बैरिकेड

इसी बीच पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी की कारों का काफिला फेज-6 चौक के पास पहुंच गया। काफिले के पहुंचने पर उनके सुरक्षाकर्मियों ने नाके पर तैनात पुलिस अधिकारियों से बातचीत की।

सुरक्षाकर्मियों ने पुलिस अधिकारियों को बताया कि काफिले में पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी मौजूद हैं । इसके बाद नाके पर तैनात पुलिस अधिकारियों ने चन्नी के काफिले को चंडीगढ़ की तरफ जाने का इशारा कर दिया।

पुलिस की अनुमति मिलने के बाद पूर्व मुख्यमंत्री की कारों का काफिला नाके से आगे निकल गया। इस दौरान जब चन्नी के सुरक्षाकर्मी पुलिस अधिकारियों से बातचीत कर रहे थे, तभी पूर्व मुख्यमंत्री ने अपनी कार का शीशा नीचे किया।

उन्हें देखते ही नाके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने उनका अभिवादन किया। इसके बाद चन्नी का काफिला चंडीगढ़ की ओर रवाना हो गया। प्रदर्शन के मद्देनजर आम वाहनों की आवाजाही पर रोक के बीच पूर्व मुख्यमंत्री के काफिले को रास्ता दिए जाने का यह घटनाक्रम फेज-6 चौक पर देखने को मिला।

यह भी पढ़ें- पंजाब में ड्रग्स नेटवर्क पर शिकंजा! 6 IPS अधिकारियों को मिले विशेषाधिकार, तस्करों को दिखाएंगे जेल का रास्ता