सिटी ब्यूटीफुल में चांदपुरी ने ही बनवाया था पहला शहीद स्मारक
जागरण संवाददाता, चंडीगढ़ : रिटायर्ड ब्रिगेडियर कुलदीप चांदपुरी ने शहीद स्मारक बनवाने में अह
जागरण संवाददाता, चंडीगढ़ : रिटायर्ड ब्रिगेडियर कुलदीप चांदपुरी ने शहीद स्मारक बनवाने में अहम भूमिका निभाई थी। उनकी मांग पर ही सेक्टर-33 के टेरेस गार्डन में शहीद स्मारक का निर्माण किया गया था। उस समय चांदपुरी नगर निगम के मनोनीत पार्षद थे। इस स्मारक में 34 शहीदों का नाम हैं, जो चंडीगढ़ के ही निवासी थे। मनोनीत पार्षद रहते हुए चांदपुरी ने शहर में शहीद स्मारक बनवाने के लिए कई बार सदन में यह मामला उठाया था। अगस्त 2011 में इस स्मारक का उद्घाटन हुआ था। उसके बाद 2012 से लेकर 2016 तक यहां हर साल 23 मार्च को नगर निगम सरकारी कार्यक्रम करके शहीदों को श्रद्धांजलि देता है। वीरांगनाओं को भी यहां पर सम्मानित किया जाता है। कम्यूनिटी सेंटर के बायलॉज बनाएं
शहर के कम्यूनिटी सेंटरों के बायलॉज भी मनोनीत पार्षद रहते हुए कुलदीप चांदपुरी ने बनवाए थे। उन्हें 2010 में बायलॉज बनाने वाली कमेटी का चेयरमैन बनाया गया था। 5 साल तक करवाए मेयर चुनाव
2007 से लेकर 2011 तक कुलदीप चांदपुरी ने हर साल होने वाले मेयर चुनाव करवाए। डीसी कार्यालय की ओर से उन्हें मनोनीत पार्षद रहते हुए मेयर चुनाव का अधिकारी बनाया जाता था। इन पांच साल में कुलदीप चांदपुरी ने सदन में रिटायर्ड फौजियों की समस्याओं को भी समय-समय पर उठाया। नि:शुल्क पार्किंग पास दिलवाए
सदन में कुलदीप चांदपुरी ने ही गेलेंटरी अवॉर्ड और वीरांगनाओं को शहर की पेड पार्किंग का एक-एक वाहन पास नि:शुल्क देने का प्रस्ताव पास करवाया था। हालांकि इस समय अब यह पास नहीं दिया जाता है। शहर ही नहीं, देश को उनकी कमी खलेगी
पूर्व मनोनीत पार्षद कुलदीप चांदपुरी के निधन पर नगर निगम के मेयर देवेश मोदगिल ने शोक जाहिर किया है। मेयर का कहना है कि चांदपुरी ने पार्षद रहते हुए शहर के लिए काफी काम किया है। वे हमेशा याद रहेंगे। वहीं, पूर्व मेयर रविंदर सिंह पाली ने भी शोक जाहिर करते हुए कहा कि जब चांदपुरी मिलते थे, तो सिर्फ शहर की समस्याओं की ही चिंता करते थे। चंडीगढ़ ही नहीं, देश को उनकी कमी खलेगी।