विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

त्योहारी सीजन पर चंडीगढ़ से वाराणसी-पटना के लिए चलेंगी स्पेशल ट्रेनें, जानें क्या रहेगा शेड्यूल

Published: Sun, 06 Sep 2026 06:15 PM (IST)

त्योहारी सीजन में यात्रियों की भीड़ को देखते हुए रेलवे चंडीगढ़ से वाराणसी और पटना के लिए स्पेशल ट्रेनें चलाएगा। ...और पढ़ें

दशहरा, दीपावली और छठ पर्व के दौरान चलेंगीं स्पेशल ट्रेनें। (सांकेतिक फोटो)

दशहरा, दीपावली और छठ पर्व के दौरान चलेंगीं स्पेशल ट्रेनें। (सांकेतिक फोटो)

HighLights

  1. दशहरा, दीपावली और छठ पर्व पर विशेष सुविधा।

  2. वाराणसी के लिए 36 और पटना के लिए 18 फेरे लगेंगे।

  3.  बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए रेलवे का फैसला।

जागरण संवाददाता, चंडीगढ़। त्योहारों के सीजन में घर जाने वाले यात्रियों के लिए रेलवे स्पेशल ट्रेनें चलाएगा। दशहरा, दीपावली और छठ पर्व के दौरान यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए चंडीगढ़ से वाराणसी और पटना के लिए रिजर्व्ड फेस्टिवल स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया जाएगा।

रेलवे के अनुसार चंडीगढ़-वाराणसी के बीच स्पेशल ट्रेन के 36 फेरे और चंडीगढ़-पटना के बीच 18 फेरे लगाए जाएंगे। इससे बिहार और उत्तर प्रदेश की ओर जाने वाले यात्रियों को अतिरिक्त ट्रेन सुविधा मिल सकेगी।

वाराणसी के लिए सप्ताह में दो दिन चलेगी ट्रेन

ट्रेन नंबर 04227 वाराणसी जंक्शन-चंडीगढ़ रिजर्व्ड फेस्टिवल स्पेशल एक्सप्रेस प्रत्येक वीरवार और रविवार को वाराणसी से चलेगी। यह सेवा एक अक्टूबर से 29 नवंबर तक जारी रहेगी। ट्रेन वाराणसी जंक्शन से सुबह 11:05 बजे रवाना होकर अगले दिन सुबह 4:20 बजे चंडीगढ़ पहुंचेगी।

वापसी में ट्रेन नंबर 04228 चंडीगढ़-वाराणसी प्रत्येक शुक्रवार और सोमवार को दो अक्टूबर से 30 नवंबर तक चलेगी। यह चंडीगढ़ से सुबह छह बजे रवाना होकर अगले दिन रात 12:55 बजे वाराणसी जंक्शन पहुंचेगी।

इस ट्रेन का ठहराव मां बेल्हा देवी धाम, प्रतापगढ़ जंक्शन, रायबरेली जंक्शन, लखनऊ, शाहजहांपुर, बरेली, मुरादाबाद, रुड़की, सहारनपुर और अंबाला कैंट स्टेशनों पर होगा। इसमें एसी-2 टियर, एसी-3 टियर, स्लीपर और जनरल श्रेणी की सुविधा उपलब्ध रहेगी।

पटना के लिए 18 फेरे, हर सप्ताह चलेगी स्पेशल ट्रेन

ट्रेन नंबर 04512 चंडीगढ़-पटना जंक्शन रिजर्व्ड फेस्टिवल स्पेशल एक्सप्रेस चंडीगढ़ से प्रत्येक वीरवार एक अक्टूबर से 26 नवंबर तक चलेगी। ट्रेन चंडीगढ़ से रात 11:35 बजे रवाना होकर अगले दिन रात 9:15 बजे पटना जंक्शन पहुंचेगी।

वापसी में ट्रेन नंबर 04511 पटना जंक्शन-चंडीगढ़ प्रत्येक शुक्रवार दो अक्टूबर से 27 नवंबर तक संचालित होगी। यह पटना से रात 11:15 बजे रवाना होकर अगले दिन रात 9:20 बजे चंडीगढ़ पहुंचेगी।

पटना जाने वाली ट्रेन का ठहराव अंबाला कैंट, सहारनपुर, रुड़की, मुरादाबाद, बरेली, शाहजहांपुर, हरदोई, आलमनगर, उतरटिया जंक्शन, सुल्तानपुर, वाराणसी, पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन, बक्सर, आरा और दानापुर समेत प्रमुख स्टेशनों पर होगा। इसमें फर्स्ट एसी, एसी-2 टियर, एसी-3 टियर, थ्री टियर इकोनामी, स्लीपर और जनरल श्रेणी के कोच लगाए जाएंगे।