विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

3.38 से 4.99 करोड़ तक की गाड़ी और लाखों के नंबर, चंडीगढ़ वालों में बढ़ रहा क्रेज; जानें कौनसा नंबर बिका सबसे महंगा

Published: Sat, 14 Nov 2026 02:05 PM (IST)

चंडीगढ़ में लग्जरी गाड़ियों और वीआईपी नंबरों का क्रेज तेजी से बढ़ रहा है, जहां इस साल अक्टूबर तक 11,001 ...और पढ़ें

अक्टूबर तक 11,001 फैंसी नंबर बिके, जिनके लिए शहरवासियों ने 21.63 करोड़ रुपये खर्च किए। (एआई जनरेटेड फोटो)

अक्टूबर तक 11,001 फैंसी नंबर बिके, जिनके लिए शहरवासियों ने 21.63 करोड़ रुपये खर्च किए। (एआई जनरेटेड फोटो)

HighLights

  1. इस साल 11,001 फैंसी नंबर 21.63 करोड़ रुपये में बिके।

  2. CH-01DD 0001 नंबर 53.88 लाख रुपये में बिका।

  3. छह सालों में 101.90 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ।

राजेश ढल्ल, चंडीगढ़। 3.38 से 4.99 करोड़ तक गाड़ी और लाखों के नंबर...शौक के आगे कीमत की परवाह नहीं करते चंडीगढ़ वाले। लग्जरी गाड़ियां और वीआईपी नंबर का क्रेज बढ़ता ही जा रहा है।

यही वजह है कि इस साल अक्टूबर तक 11,001 फैंसी नंबर बिके, जिनके लिए शहरवासियों ने 21.63 करोड़ रुपये खर्च किए। अभी वर्ष के दो महीने बाकी। पिछले पूरे वर्ष 21.19 करोड़ रुपये के नंबर बिके थे।

पंजीकरण एवं लाइसेंसिंग प्राधिकरण (आरएलए) के आंकड़ों के अनुसार, इस वर्ष सबसे महंगा नंबर सीएच-01डीडी 0001 रहा। इस नंबर के लिए 53.88 लाख रुपये की बोली लगी। यह वर्ष 2025 में 36.43 लाख रुपये में बिके सीएच-01डीए 0001 के पिछले रिकाॅर्ड से करीब 48 प्रतिशत अधिक है।

वर्ष 2020 में सबसे महंगा नंबर महज आठ लाख रुपये में बिका था। ऐसे में छह वर्षों में सबसे महंगे नंबर की कीमत में करीब सात गुना वृद्धि दर्ज की गई है। फैंसी नंबरों की बिक्री से होने वाली कमाई में भी लगातार बढ़ोतरी देखने को मिली है। वर्ष 2020 में 3,308 नंबरों की बिक्री से 4.08 करोड़ रुपये मिले थे।

वर्ष 2021 में 6,167 नंबर बिके और कमाई 8.92 करोड़ रुपये रही। वर्ष 2022 में 9,055 नंबरों से 14.59 करोड़ रुपये, जबकि 2023 में 9,599 नंबरों से 16.34 करोड़ रुपये का राजस्व मिला। वर्ष 2024 में बिक्री घटकर 8,752 नंबर रह गई और कमाई 15.16 करोड़ रुपये पर आ गई।

हालांकि, वर्ष 2025 में बाजार ने फिर रफ्तार पकड़ी। इस दौरान 10,429 नंबरों की बिक्री से 21.19 करोड़ रुपये का राजस्व मिला। अब वर्ष 2026 में 31 अक्टूबर तक ही 11,001 नंबर बिक चुके हैं और कमाई 21.63 करोड़ रुपये तक पहुंच गई है।

आरएलए के आंकड़ों के मुताबिक, वर्ष 2020 से 2026 के बीच कुल 58,311 फैंसी नंबरों की बिक्री से प्रशासन को 101.90 करोड़ रुपये की आय हुई है। औसतन एक नंबर की कीमत भी वर्ष 2020 के करीब 12,300 रुपये से बढ़कर वर्ष 2026 में लगभग 19,700 रुपये हो गई है। यानी औसत कीमत में करीब 60 प्रतिशत का इजाफा हुआ है।

आरएलए की रजिस्ट्रिंग एवं लाइसेंसिंग अथाॅरिटी राधिका सिंह के अनुसार, ऑनलाइन नीलामी प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और जवाबदेह है। प्रत्येक बोली की निगरानी की जाती है और पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन होने से लोगों का व्यवस्था पर भरोसा बढ़ा है।

53.88 लाख में बिका शहर का सबसे महंगा नंबर 

वर्ष सबसे महंगा वीआईपी नंबर कीमत (रुपये)
2026 CH01DD 0001 53.88 लाख
2025 CH01DA 0001 36.43 लाख
2024 CH01CV 0001 23.70 लाख
2023 CH01CT 0001 17.30 लाख
2022 CH01CH 0001 22.02 लाख
2021 CH01CE 0001 13.17 लाख
2020 CH01CC 0001 8 लाख

लग्जरी गाड़ियों का भी शौक

चंडीगढ़ में 3.38 करोड़ से 4.99 करोड़ रुपये तक कीमत वाली 15 लग्जरी गाड़ियां पंजीकृत हैं। इनकी कुल कीमत 61.59 करोड़ रुपये बताई गई है। इनमें आठ बेंटले, चार रोल्स रॉयस, दो लेम्बोर्गिनी और एक मैकलारेन शामिल हैं।

सबसे महंगी 4.99 करोड़ रुपये की मैकलारेन 750एस स्पाइडर है। यह एक बिल्डर कंपनी के नाम पर पंजीकृत है। इसके लिए 52.44 लाख रुपये कर चुकाया गया है। इन 15 गाड़ियों में से 11 कंपनियों और चार व्यक्तिगत मालिकों के नाम पर हैं।

छह साल में 101.90 करोड़ रुपये का राजस्व

वर्ष बिके नंबर कमाई
2020 3,308 4.08 करोड़ रुपये
2021 6,167 8.92 करोड़ रुपये
2022 9,055 14.59 करोड़ रुपये
2023 9,599 16.34 करोड़ रुपये
2024 8,752 15.16 करोड़ रुपये
2025 10,429 21.19 करोड़ रुपये
2026 (31 अक्टूबर तक) 11,001 21.63 करोड़ रुपये
कुल 58,311 101.91 करोड़ रुपये


खास बात: वर्ष 2026 में हर महीने औसतन करीब 1,100 नंबर बिके हैं, जबकि वर्ष 2025 में यह औसत 869 नंबर प्रतिमाह था। इस तरह मासिक बिक्री में करीब 27 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।