त्योहारी सीजन में यात्रियों को बड़ी राहत, चंडीगढ़-पटना के बीच दौड़ेगी स्पेशल ट्रेन; अंबाला कैंट में होगा ठहराव
त्योहारी सीजन में यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे ने चंडीगढ़ और पटना के बीच एक आरक्षित फेस्टिवल ...और पढ़ें

चंडीगढ़ से चलने वाली फेस्टिवल स्पेशल ट्रेन में कुल 17 कोच होंगे। (सांकेतिक फाेटो)
HighLights
फेस्टिवल स्पेशल ट्रेन में कुल 17 कोच होंगे।
अंबाला छावनी और सहारनपुर में होगा ठहराव।
6 नवंबर को चंड़ीगढ़ से चलेगी 7 को पटना से वापसी।
जागरण संवाददाता, चंडीगढ़। त्योहारी सीजन में ट्रेनों में बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे ने यात्रियों के लिए राहतभरा फैसला लिया है। चंडीगढ़ और पटना के बीच आरक्षित फेस्टिवल स्पेशल एक्सप्रेस ट्रेन चलाई जाएगी।
इस फेस्टिवल स्पेशल ट्रेन में कुल 17 कोच होंगे। इसमें प्रथम वातानुकूलित, द्वितीय वातानुकूलित, तृतीय वातानुकूलित, वातानुकूलित चेयर कार, शयनयान और सामान्य श्रेणी के कोच शामिल रहेंगे, ताकि सभी वर्ग के यात्रियों को सुविधा मिल सके।
यह ट्रेन एक फेरे के लिए चलेगी और अंबाला मंडल के अंबाला छावनी व सहारनपुर स्टेशन पर रुकेगी। रेलवे के अनुसार 6 नवंबर को गाड़ी संख्या 04510 चंडीगढ़ से रात 10 बजे रवाना होगी और अगले दिन रात 09:15 बजे पटना पहुंचेगी। वापसी में 7 नवंबर को गाड़ी संख्या 04509 पटना से रात 11:15 बजे चलेगी और अगले दिन रात 09:40 बजे चंडीगढ़ पहुंचेगी।
अंबाला कैंट और सहारनपुर में ये रहेगा टाइम
अप दिशा में 04510 चंडीगढ़ से चलने के बाद रात 10:45 बजे अंबाला छावनी पहुंचेगी और 10:50 बजे रवाना होगी। इसके बाद रात 01:25 बजे सहारनपुर पहुंचेगी और 01:30 बजे आगे रवाना होगी।
डाउन दिशा में 04509 पटना से चलकर अगले दिन शाम 06:50 बजे सहारनपुर पहुंचेगी और 07:00 बजे प्रस्थान करेगी। इसके बाद रात 08:30 बजे अंबाला छावनी पहुंचेगी और 08:35 बजे चंडीगढ़ के लिए रवाना होगी।
कंफर्म सीट उपलब्ध कराने के लिए स्पेशल ट्रेनों का संचालन
रेलवे अधिकारियों का कहना है कि त्योहारों के दौरान बिहार और उत्तर प्रदेश जाने वाले यात्रियों की संख्या काफी बढ़ जाती है। इसी अतिरिक्त भीड़ को नियंत्रित करने और यात्रियों को कंफर्म सीट उपलब्ध कराने के लिए स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है।
रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे भीड़ से बचने के लिए अपनी यात्रा पहले से प्लान करें। टिकट की बुकिंग और ट्रेन की समय-सारिणी की सटीक जानकारी के लिए RailOne एप का इस्तेमाल करें।