विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

चंडीगढ़ में चार साल के मासूम के सिर से उठा मां का साया; बीमारी से परेशान महिला ने फंदा लगाकर दी जान

Published: Tue, 19 May 2026 11:13 PM (IST)

चंडीगढ़ के मनीमाजरा में एक 26 वर्षीय महिला ने गंभीर बीमारी से परेशान होकर फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। वह अपने पीछे चार साल का मासूम बेटा छोड़ गई है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।

विकास नगर में महिला ने फंदा लगाकर जान दी।

विकास नगर में महिला ने फंदा लगाकर जान दी।

HighLights

  1. हार्ट वाॅल्व में दिक्कत के कारण मानसिक रूप से परेशान थी।

  2. मृतका अपने पीछे चार साल का मासूम बेटा छोड़ गई।

  3. पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है।

जागरण संवाददाता, चंडीगढ़। विकास नगर में मंगलवार को एक 26 वर्षीय विवाहित महिला ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतका की पहचान सोनी के रूप में हुई है, जो मूल रूप से उत्तर प्रदेश के गोंडा की रहने वाली थी। महिला अपने पीछे चार साल के मासूम बेटे को छोड़ गई है।

सूचना मिलते ही मौली जागरां थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने फारेंसिक टीम की मदद से घटनास्थल से साक्ष्य भी जुटाए हैं। सोनी की शादी करीब पांच साल पहले विकास नगर निवासी महेश से हुई थी।

परिवार के सदस्यों ने बताया कि सोनी लंबे समय से गंभीर बीमारी से जूझ रही थी। उसे हार्ट से संबंधित समस्या थी, जिसके चलते उसका ऑपरेशन भी कराया गया था। इसके अलावा हार्ट वाॅल्व में दिक्कत के कारण वह मानसिक रूप से भी काफी परेशान रहने लगी थी। परिवार के मुताबिक मंगलवार सुबह तक सब कुछ सामान्य था।

सोनी ने घर के सभी सदस्यों को खाना दिया और करीब 11 बजे ऊपर कमरे में चली गई। काफी देर तक नीचे नहीं आने पर किसी को शक नहीं हुआ। दोपहर के समय घर में काम करने पहुंचे प्लंबर ने देखा कि ऊपर वाले कमरे का दरवाजा अंदर से बंद है। आवाज देने पर भी जब कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली तो शक हुआ।

इसके बाद दूसरे घर की तरफ से ऊपर जाकर देखा गया तो सोनी कमरे में पंखे से दुपट्टे के सहारे लटकी हुई मिली। यह दृश्य देखकर परिवार के होश उड़ गए और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतका के परिजनों को गोंडा में सूचना दे दी गई है।

उनके चंडीगढ़ पहुंचने के बाद पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि विवाह को अभी करीब साढ़े पांच साल ही हुए हैं, इसलिए मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। शुरुआती जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।