'पठानकोट जा रही हूं, ढूंढना मत...', भाई को मिला पत्र, स्टोर में बहन की लाश देख उड़े होश; चंडीगढ़ की घटना
चंडीगढ़ के खुड्डा जस्सू गांव में 42 वर्षीय मोनिका का शव घर के स्टोर में फंदे से लटका मिला। दो दिन पहले उसने भाई को पठानकोट जाने का पत्र लिखा था और मानसिक परेशानी से जूझ रही थी।

खुड्डा जस्सू गांव में स्टोर में पंखे पर लटकी मिली युवती। (सांकेतिक फोटो)
HighLights
खुड्डा जस्सू में 42 वर्षीय मोनिका का शव स्टोर में मिला।
दो दिन पहले भाई को पठानकोट जाने का पत्र मिला था।
मानसिक परेशानी से जूझ रही थी, पीजीआई से चल रहा था इलाज।
जागरण संवाददाता, चंडीगढ़। खुड्डा जस्सू गांव में शुक्रवार शाम 42 वर्षीय मोनिका का शव घर के स्टोर में पंखे से लटका मिला। वह अविवाहित थी और अपने भाई के साथ रहती थी। उसके माता-पिता का पहले ही निधन हो चुका था। मोनिका पिछले कुछ महीनों से मानसिक परेशानी से जूझ रही थी और पीजीआई में उसका इलाज चल रहा था।
बुधवार को उसके भाई को घर में मोनिका का लिखा पत्र मिला था। पत्र में उसने पठानकोट जाने और एक-दो दिन में लौट आने की बात कही थी। उसने भाई से उसे तलाशने की कोशिश न करने को भी कहा था। इसके बाद से वह घर से लापता थी।
भाई ने उसकी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। शुक्रवार शाम करीब 4:30 बजे भाई हथौड़ा लेने स्टोर में पहुंचा तो उसे मोनिका का शव मिला। उसने तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम नंबर 112 पर सूचना दी। थाना सारंगपुर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अस्पताल ले गई, जहां डाॅक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला। बुधवार को मिला पत्र जांच का हिस्सा है। शुरुआती जांच में किसी तरह की गड़बड़ी सामने नहीं आई है। पुलिस ने शव जीएमएसएच-16 की मोर्चरी में रखवाया है। शनिवार को पोस्टमार्टम कराया जाना है। मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही पता चलेगा।