Chandigarh Weather Update : चंडीगढ़ में आज बादल छाए रहने से मौसम बना रहेगा खुशनुमा, हल्की बारिश होने के आसार
Chandigarh Weather Update चंडीगढ़वासियों को आज भी गर्मी से राहत मिलेगी और बादल छाए रहने की वजह से मौसम भी खुशनुमा बना रहेगा। बीती रात शहर के कुछ क्षेत्रों में गरज के साथ छींटे पड़े थे और रात के समय बादल भी छाए हुए थे।
जागरण संवाददाता, चंडीगढ़। Chandigarh Weather Update आज भी चंडीगढ़वासियों को गर्मी से राहत मिलेगी और बादल छाए रहने की वजह से मौसम भी खुशनुमा बना रहेगा। मौसम विभाग की मानें तो आज भी शहर में बारिश होने के आसार हैं। बीती रात शहर के कुछ क्षेत्रों में गरज के साथ छींटे पड़े थे और रात के समय बादल भी छाए हुए थे। इसका असर शुक्रवार की सुबह देखने को मिला जहां सुबह से ही आसमान में बादल छाए हुए हैं और हल्की बारिश होने की संभावना है। हालांकि बीते 2 दिन बारिश ना होने के बाद आज ही मौसम विभाग ने बारिश होने की संभावना तो जताई है लेकिन साथ ही यह भी कहा है कि बारिश ज्यादा तेज नहीं होगी। मौसम विभाग के अनुसार अभी मानसून एक्टिव है और बारिश होने के भी पूरे आसार हैं। गौरतलब है कि सोमवार और मंगलवार को तेज बारिश होने की वजह से रात के तापमान में भी गिरावट देखने को मिल रही है। जहां रात का तापमान 30 से 32 डिग्री तक पहुंच रहा था वही अब तापमान 26 से 27 डिग्री के बीच में रह रहा है। खबर लिखे जाने तक शहर का तापमान 27 डिग्री सेल्सियस है और बादल छाए हुए है।
मौसम विभाग में पंजाब और हरियाणा के लिए चेतावनी जारी करते हुए कहा कि आने वाले 36 घंटों में इन दोनों राज्यों के कुछ क्षेत्रों में भारी बारिश होगी। इसके अलावा 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं भी चलेंगी। विभाग की माने तो पंजाब और हरियाणा में इस समय अच्छी बारिश हो रही है जिसका असर चंडीगढ़ पर भी पड़ सकता है। मौसम विभाग ने 24 घंटों तक बारिश का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान भी मंगलवार जैसे हालात बन सकते हैं। मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले कुछ दिनों में चंडीगढ़ में अच्छी बारिश होगी। आज बादल छाने के साथ बारिश हाेने के आसार हैं। दिन का अधिकतम तापमान 31 और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री रह सकता है।