Chandigarh Weather: फिर बदलेगा मौसम, पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से अगले दो दिन बारिश के आसार
Chandigarh Weather News चंडीगढ़ समेत ट्राईसिटी में फिर से बारिश के आसार बन रहे हैं। यह शहरवासियों के लिए राहत भरी खबर है। क्योंकि मई की शुरुआत से ही गर्मी ने लोगों के पसीने छुड़वा दिए थे। अब महीने के अंतिम सप्ताह गर्मी से राहत बरकरार रहेगी।
जागरण संवाददाता, चंडीगढ़। Chandigarh Weather Update: चंडीगढ़ मौसम विभाग केंद्र की ओर से दी गई ताजा जानकारी के अनुसार शनिवार और रविवार को एक बार फिर मौसम खराब होने के आसार हैं। 24 घंटे के अंदर शहर में हल्की बूंदाबांदी हो सकती है। विभाग की माने तो एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा जिसका असर वेस्टर्न हिमालय रेंज से लेकर उत्तर भारत तक रहेगा। आज आसमान साफ रहेगा और शाम के समय मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। सुबह 8 बजे शहर का तापमान 29 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।
इससे पहले बीते दो दिन हुई बारिश का असर अभी भी बना हुआ है। सुबह शाम लोगों को गर्मी से राहत मिल रही है। हालांकि दिन में तेज धूप खिलने से गर्मी बढ़ रही है। वीरवार को शहर का अधिकतम तापमान 37 डिग्री दर्ज किया गया है।
विभाग के अनुसार एक मार्च से लेकर अभी तक चंडीगढ़ में 23.1 एमएम बारिश हो चुकी है। जोकि सामान्य से 69.8 एमएम कम है। साल 2014 में अभी तक शहर की 24 घंटे में हुई सबसे ज्यादा बारिश रिकार्ड की गई थी जोकि 39 एमएम थी। लेकिन मई में मासिक सर्वाधिक बारिश साल 2020 में हुई थी जो 71 एमएम थी। विभाग की मानें तो मई के आने वाले दिनों में वेस्टर्न डिस्टरबेंस का असर रहेगा। ऐसे में मई माह के अंतिम सप्ताह में लोगों को गर्मी से राहत बरकरार रहेगी।
29 मई तक चलेंगी शहर में 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं
जहां एक और शहर में वेस्टर्न डिस्टरबेंस का असर रहेगा वहीं 29 मई तक 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलेंगी। इस दौरान मौसम विभाग ने लोगों को बचाव के लिए पेड़ों के नीचे रुकने से मना किया है। इसके साथ ही आज करीब 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से धूल भरी आंधी चलने के आसार हैं।