Chandigarh Weather: स्वतंत्रता दिवस समारोह में बारिश का साया, चंडीगढ़, पंजाब व हरियाणा में करवट लेगा मौसम
Chandigarh Weather News चंडीगढ़ में स्वतंत्रता दिवस के कार्यक्रम में बारिश खलल डाल सकती है। मौसम विभाग की माने तो अगले 48 घंटों में जोरदार बारिश की संभावना है। यह बारिश चंडीगढ़ समेत पंजाब व हरियाणा के कई जिलों में बारिश के आसार बन रहे हैं।
विकास शर्मा, चंडीगढ़। Chandigarh Weather News: चंडीगढ़ में स्वतंत्रता दिवस के कार्यक्रम में बारिश खलल डाल सकती है। मौसम विभाग की माने तो अगले 48 घंटों में जोरदार बारिश की संभावना है। यह बारिश चंडीगढ़ समेत पंजाब व हरियाणा के कई जिलों में होगी। आज शाम बाद मौसम में बदलाव के आसार बन रहे हैं। इस बारिश के साथ मानसून एक बार फिर सक्रिय होगा। अगले पूरे हफ्ते बारिश की संभावना है।
हालांकि बीते कई दिनों से शहर में बारिश नहीं हो रही है, जिस वजह से तापमान में इजाफा होने के साथ गर्मी और उमस ने लोगों को परेशान कर दिया है। शनिवार को भी दिनभर चिपचिपाती गर्मी ने लोगों के पसीने छुड़वा दिए। शहर का अधिकतम तापमान 35.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जोकि सामान्य तापमान से तीन डिग्री अधिक रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 28.9 डिग्री सेल्सियस रहा, जोकि सामान्य तापमान से छह डिग्री अधिक है। ऐसे में लोग बेसब्री से बारिश का इंतजार कर रहे हैं।
मौसम विभाग के निदेशक मनमोहन सिंह ने बताया कि अगले 48 घंटों में जोरदार बारिश की संभावना है। इसके अलावा 20 से 25 किलोमीटर प्रति घंटे की गति की रफ्तार से हवाएं भी चलेंगी। अगस्त में अभी बहुत कम बारिश हुई है, लेकिन अब बाकि बचे दिनों में अच्छी बारिश के सकेंत जताए जा रहे हैं।
अगस्त में अभी तक हुई 60.9 एमएम बारिश
अगस्त महीने में अभी तक सिर्फ एक ही बारिश हुई है। पहली अगस्त को शहर में 60.9 एमएम बारिश हुई थी। इससे पहले जुलाई महीने में बारिश ने अपने पिछले 10 वर्ष के रिकार्ड को तोड़ दिया है। इस मानसून सीजन में चंडीगढ़ में अबतक 584.1 एमएम बारिश हो चुकी है। अकेले जुलाई में 473.3 एमएम बारिश हुई थी।