विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

चंडीगढ़ में मृत और शिफ्ट हो चुके लोगों के नाम हटेंगे, नए वोटर्स के नाम जुड़ेंगे; 30 नवंबर से मतदाता सूची की जांच

Published: Tue, 10 Nov 2026 05:14 PM (IST)

चंडीगढ़ में जनगणना 2027 के दूसरे चरण की तैयारियां तेज हो गई हैं, जिसमें मृत और शिफ्ट हुए मतदाताओं के ...और पढ़ें

चंडीगढ़ में जनगणना 2027 के दूसरे चरण की तैयारियां तेज। (सांकेतिक फोटो)

चंडीगढ़ में जनगणना 2027 के दूसरे चरण की तैयारियां तेज। (सांकेतिक फोटो)

HighLights

  1. मृत और शिफ्ट हुए मतदाताओं के नाम हटाए जाएंगे।

  2. नए मतदाताओं के नाम जोड़ने की प्रक्रिया 30 नवंबर से।

  3. 18 साल के युवाओं को पहले से आवेदन का मौका।

जागरण संवाददाता, चंडीगढ़। शहर में जनगणना 2027 के दूसरे चरण की तैयारियां तेज हो गई हैं। वोटर लिस्ट में अब मृत लोगों और दूसरे स्थान पर शिफ्ट हो चुके मतदाताओं के नाम हटाए जाएंगे। नए मतदाता जोड़े जाएंगे।

30 नवंबर से विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (एसएसआर) शुरू होगा और 30 दिसंबर तक वोटर लिस्ट में नाम जुड़वाने, हटवाने या अपनी जानकारी में सुधार कराने के लिए आवेदन किया जा सकेगा। 

निर्वाचन आयोग की वेबसाइट voters.eci.gov.in और ECINET एप पर जाकर ऑनलाइन भी आवेदन कर सकेंगे। आधार कार्ड न होने या नहीं देने पर किसी का नाम वोटर लिस्ट में जोड़ने से मना नहीं किया जा सकेगा और न ही पहले से दर्ज नाम हटाया जा सकेगा।

भारत निर्वाचन आयोग ने चंडीगढ़ समेत पांच राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को एक जनवरी 2027 की अर्हता तिथि के आधार पर मतदाता सूची अपडेट करने के निर्देश दिए हैं। नई फाइनल मतदाता सूची 21 जनवरी 2027 को जारी होगी।

18 साल के युवाओं को पहले से आवेदन का मौका

 स बार खास बात यह है कि 2027 में 18 साल के होने वाले युवाओं को भी पहले से आवेदन करने का मौका मिलेगा। एक जनवरी 2027 को 18 साल पूरे करने वाले युवाओं के अलावा एक अप्रैल, एक जुलाई और एक अक्टूबर 2027 को 18 साल के होने वाले भी अग्रिम आवेदन कर सकेंगे। हालांकि, उनके नाम उम्र की पात्रता पूरी होने वाली तिमाही में ही जोड़े जाएंगे। 

एक बूथ पर 1200 से ज्यादा मतदाता नहीं होंगे 

निर्वाचन आयोग के निर्देश के अनुसार, एक मतदान केंद्र पर अधिकतम 1200 मतदाता ही होंगे। किसी बूथ पर 1200 से ज्यादा मतदाता हैं तो नया मतदान केंद्र बनाने पर विचार किया जाएगा। इसके लिए आयोग से पहले मंजूरी लेनी होगी। परिवार के सदस्यों को अलग-अलग बूथों में बांटने से भी बचा जाएगा।

मकान, फ्लैट, बिल्डिंग, टावर, गली और कॉलोनी अनुसार मतदाताओं को एक साथ रखने की कोशिश रहेगी। मतदाता सूची और पहचान पत्र में पते की जानकारी भी एक जैसी की जाएगी।  

जान लें कौनसा फार्म भरना होगा

  • नाम जुड़वाने से लेकर सुधार तक के लिए अलग-अलग फॉर्म पहली बार वोटर लिस्ट में नाम जुड़वाने के लिए फॉर्म-6 भरना होगा।
  • विदेश में रहने वालों के लिए फॉर्म-6ए होगा। नाम पर आपत्ति दर्ज कराने या वोटर लिस्ट से हटवाने के लिए फॉर्म-7 भरना होगा।
  • पता बदलने, नाम या दूसरी जानकारी में सुधार, नया वोटर कार्ड बनवाने या दिव्यांगता से जुड़ी जानकारी दर्ज कराने के लिए फॉर्म-8 भरना होगा। 

 नाम हटाने के लिए भी होगी जांच

वोटर लिस्ट से किसी का नाम हटाने के लिए भी जांच की व्यवस्था रहेगी। अगर किसी बूथ के कुल वोटर्स के 2 प्रतिशत से ज्यादा नाम हटाने के आवेदन आते हैं तो निर्वाचक रजिस्ट्रेशन अधिकारी (ईआरओ) खुद जांच करेंगे। इसी तरह अगर एक व्यक्ति पांच से ज्यादा नाम हटाने की आपत्तियां देता है तो भी व्यक्तिगत सत्यापन किया जाएगा।

नोटिस और पक्ष सुनने का मौका

किसी जीवित मतदाता का नाम हटाने से पहले उसे नोटिस देना और अपना पक्ष रखने का मौका देना जरूरी होगा। अधिकारी को नाम हटाने का कारण बताते हुए आदेश जारी करना होगा और उसे ECINET पर अपलोड करना होगा। राजनीतिक दल हर मतदान केंद्र पर अपना बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) नियुक्त कर सकेंगे। ये एजेंट रोजाना अधिकतम 10 आवेदन बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) को दे पाएंगे।

 

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।