चंडीगढ़ में लंबे समय से पेंडिंग ट्रैफिक चालान का अब 100 रुपये में निपटारा, 16 नवंबर से विशेष अभियान
चंडीगढ़ जिला अदालत 16 नवंबर से पुराने लंबित ट्रैफिक चालानों के निपटारे के लिए विशेष अभियान चलाएगी। वाहन चालक 500 ...और पढ़ें

जेब्रा क्रॉसिंग और गलत पार्किंग उल्लंघन के चालानों का होगा निपटारा। (सांकेतिक फोटो)
HighLights
500 रुपये तक के निर्धारित जुर्माने से मिलेगा छुटकारा।
चरण में 8500 पुराने चालानों को निपटारा करने का लक्ष्य।
जेब्रा क्रॉसिंग, गलत पार्किंग चालान शामिल हैं।
जागरण संवाददाता, चंडीगढ़। शहर के वाहन चालकों को पुराने लंबित ट्रैफिक चालानों से राहत देने के लिए जिला अदालत चंडीगढ़ 16 नवंबर से विशेष अभियान शुरू करने जा रही है।
इसके तहत मोटर वाहन अधिनियम की धारा 177 के तहत जारी चालानों का निपटारा किया जाएगा। इनमें जेब्रा क्राॅसिंग और गलत पार्किंग से जुड़े उल्लंघन शामिल हैं। इस विशेष अभियान में वाहन चालकों को 500 रुपये तक के निर्धारित जुर्माने के बजाय केवल 100 रुपये का भुगतान करना होगा।
अभियान के पहले चरण में सितंबर 2023 से मार्च 2024 के बीच जारी किए गए 8500 पुराने चालानों को निपटारे के लिए लिया गया है। इन चालानों को 17 अदालतों में बांटा गया है और प्रत्येक अदालत को 500 चालानों की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
जिला अदालत की आधिकारिक वेबसाइट पर सभी 8500 चालानों की सूची उपलब्ध करवाई गई है। प्रत्येक अदालत के लिए अलग भुगतान लिंक भी दिया गया है।
ऑनलाइन भुगतान का भी ऑप्शन
वाहन चालक वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन भुगतान कर सकते हैं या अदालत परिसर में लगी पेमेंट मशीनों से भी राशि जमा करवा सकते हैं। यूपीआई से भुगतान पर कोई अतिरिक्त शुल्क नहीं लगेगा, जबकि एनईएफटी और नेट बैंकिंग के माध्यम से भुगतान करने पर मामूली बैंक शुल्क लागू होगा।
अदालत की ओर से चालान संबंधी जानकारी वाहन चालकों को ऑटो जनरेटेड सीआईएस सिस्टम के माध्यम से भेजी जा रही है। इसमें चालान का टीआरएफ नंबर और जारी होने की तारीख का उल्लेख होगा।
साइबर ठगी से बचाने के लिए इन संदेशों में कोई भुगतान लिंक नहीं भेजा जाएगा। वाहन चालकों को केवल जिला अदालत की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से ही भुगतान करने की सलाह दी गई है।