विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

चंडीगढ़ से शारजाह-आबू धाबी का सफर होगा आसान, 3 साल बाद फिर से शुरू होगी फ्लाइट, जानिए शेड्यूल

Published: Fri, 16 Oct 2026 12:38 PM (IST)

चंडीगढ़ से शारजाह और आबू धाबी के लिए एयर इंडिया एक्सप्रेस की उड़ानें तीन साल बाद फिर से शुरू होंगी। ...और पढ़ें

एयर इंडिया एक्सप्रेस शारजाह और आबू धाबी की फ्लाइट चंडीगढ़ से फिर से करेगी शुरू।

एयर इंडिया एक्सप्रेस शारजाह और आबू धाबी की फ्लाइट चंडीगढ़ से फिर से करेगी शुरू।

HighLights

  1. चंडीगढ़ से शारजाह-आबू धाबी उड़ानें तीन साल बाद फिर शुरू होंगी।

  2. एयर इंडिया एक्सप्रेस खाड़ी देशों के लिए सेवा बहाल करेगी।

  3. विंटर शेड्यूल में नई उड़ानों का किराया और समय जारी।

जागरण संवाददाता, चंडीगढ़। चंडीगढ़ और आसपास रहने वाले लोगों का खाड़ी देशों का सफर आसान होगा। शहीद भगत सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट चंडीगढ़ से एयर इंडिया एक्सप्रेस शारजाह और आबू धाबी की फ्लाइट तीन साल बाद दोबारा शुरू करने जा रही है।

विंटर शेड्यूल में यह व्यवस्था की गई। दोनों सेवाओं की बहाली से चंडीगढ़ एयरपोर्ट से खाड़ी देशों के लिए सीधी हवाई कनेक्टिविटी बेहतर होने की उम्मीद है। हालांकि, शारजाह की उड़ान शुरू होने की अंतिम स्थिति वहां के एयरपोर्ट से स्लॉट मिलने की औपचारिकताएं पूरी होने पर निर्भर करेगी।

एयरपोर्ट अथॉरिटी के अनुसार शारजाह रूट के लिए स्लॉट मिल चुका है, बस कुछ औपचारिकताएं बाकी हैं। उम्मीद है कि 26 अक्तूबर तक स्थिति स्पष्ट हो जाएगी। शारजाह की फ्लाइट सप्ताह में चार दिन सोमवार, बुधवार, शुक्रवार और रविवार को संचालित करने की योजना है।

यह रहेगा शेड्यूल

शेड्यूल के अनुसार दोपहर 1:50 बजे चंडीगढ़ से फ्लाइट रवाना होकर शारजाह के स्थानीय समय के अनुसार शाम 4:50 बजे पहुंचेगी। वापसी में शाम 5:50 बजे शारजाह से उड़ान भरकर रात 11:05 बजे चंडीगढ़ पहुंचेगी। इस रूट पर फ्लेक्सी फेयर के आधार पर टिकट का किराया करीब 23,169 रुपये बताया गया है।

वहीं, दूसरी फ्लाइट चंडीगढ़ से सुबह 11:59 बजे रवाना होकर आबू धाबी के स्थानीय समय के अनुसार दोपहर 3 बजे पहुंचेगी। वापसी में आबू धाबी से सुबह 4:30 बजे उड़ान भरकर सुबह 9:40 बजे चंडीगढ़ पहुंचेगी। इस रूट पर फ्लेक्सी फेयर के आधार पर टिकट का किराया करीब 21,150 रुपए बताया गया है।

2023 में बंद की थी फ्लाइट

एयर इंडिया एक्सप्रेस ने यात्रियों की कमी का हवाला देते हुए अक्तूबर 2023 में चंडीगढ़-शारजाह फ्लाइट बंद कर दी थी। वहीं, खाड़ी देशों में युद्ध जैसी स्थिति के चलते चंडीगढ़-आबू धाबी फ्लाइट निलंबित कर दी गई थी।

तब मुंबई, दिल्ली, चेन्नई और हैदराबाद जैसे बड़े शहरों से भी अंतरराष्ट्रीय उड़ानों का संचालन प्रभावित हुआ था। अब एयर इंडिया एक्सप्रेस ने आबू धाबी रूट को विंटर शेड्यूल में दोबारा शामिल किया है।