चंडीगढ़ से नांदेड़ साहिब के लिए इस दिन शुरू होगी फ्लाइट, जानें हफ्ते में कितने दिन मिलेगी सुविधा
एयर इंडिया नए साल पर सिख संगत को शानदार तोहफा देने जा रहा है। विमानन कंपनी 8 जनवरी 2019 से नांदेड़ साहिब के लिए फ्लाइट शुरू करेगी।
जेएनएन, चंडीगढ़। एयर इंडिया नए साल पर सिख संगत को शानदार तोहफा देने जा रहा है। ट्राईसिटी में सिख समुदाय की संख्या को देखते हुए विमानन कंपनी ने 8 जनवरी 2019 से नांदेड़ साहिब के लिए फ्लाइट शुरू करेगी। एयर इंडिया की एबी 320 फ्लाइट हफ्ते में दो दिन इस रूट पर चंडीगढ़ से नांदेड़ साहिब और नांदेड़ साहिब से चंडीगढ़ के बीच में चलेगी। यह मंगलवार और बुधवार को इस रूट पर उड़ेगी। एयर इंडिया की फ्लाइट चंडीगढ़ से सुबह 9:10 बजे रवाना होगी और सुबह साढ़े 11 बजे नांदेड़ लैंड करेगी। वहीं नांदेड़ साहिब से यह फ्लाइट दोपहर 12:05 बजे उड़ान भरेगी और दोपहर 2:20 बजे चंडीगढ़ अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर लैंड करेगी। गौरतलब है कि चंडीगढ़ अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट से मौजूदा समय में 32 फ्लाइट का शेड्यूल है, इस फ्लाइट के बाद यह शेड्यूल 33 का हो जाएगा। एयरपोर्ट से दिल्ली, श्रीनगर, पुणे, कुल्लू, शिमला,जयपुर, मुंबई, बेंगलुरु, अहमदाबाद, हैदराबाद, कोलकाता, लखनऊ और लेह के लिए सीधी फ्लाइट्स हैं।
धुंध की वजह से बिगड़ा शेड्यूल
धुंध की वजह से कई फ्लाइट्स ने देरी से लैंड कर रही हैं और उड़ान भरने में देरी हुई है चंडीगढ़ इंटरनेशनल एयरपोर्ट से शुक्रवार सुबह 7:25 बजे दिल्ली को उड़ान भरने वाली एलांयस एयरलाइंस ने 5 घंटे की देरी से उड़ान भरी। सुबह 8 बजे दिल्ली को उड़ान भरने वाली फ्लाइट्स ने भी 4 घंटे 31 मिनट की देरी से, वहीं कोलकाता को जाने वाली फ्लाइट ने 4 घंटे 17 मिनट की देरी से उड़ान भरी। चंडीगढ़ अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के प्रवक्ता दीपेश जोशी ने बताया कि उन्हीं फ्लाइट्स में देरी हुई, जो देरी से चंडीगढ़ अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर लैंड हुई, इसलिए इन फ्लाइट्स का शेड्यूल बिगड़ा है।