चंडीगढ़ से दिल्ली के लिए सुबह की फ्लाइट होगी शुरू, जानें कब से मिलेगी सुविधा
चंडीगढ़ से दिल्ली के लिए सुबह के समय नई फ्लाइट जनवरी महीने से शुरू की जाएगी। एयर इंडिया की ओर से यह तोहफा नए साल पर दिया जाएगा।
जेएनएन, चंडीगढ़। एयर इंडिया की तरफ से यात्रियों को नए साल का तोहफा दिया जाएगा। चंडीगढ़ से दिल्ली के बीच जनवरी से सुबह के समय उड़ान आरंभ हो जाएगी। चंडीगढ़ इंटरनेशनल एयरपोर्ट से बैंकॉक के लिए एयर इंडिया की सीधी उड़ान बंद करने पर पंजाब और हरियाणा हाईकोर्ट की नाराजगी झेल चुकी एयर इंडिया ने कहा है कि वो चंडीगढ़ से दिल्ली के लिए सुबह के समय उड़ान शुरु करने की मंशा रखती है और इस उड़ान से पांच उत्तरी राज्यों के लोगों को लंदन, पेरिस, फ्रैंकफर्ट, बर्मिंघम, कोपनहेगन, स्टॉकहोम, रोम, मिलान, वियाना और मैडरिड जैसे यूरोपियन देशों के लिए दिल्ली से उडऩे वाली अंतर्राष्ट्रीय फ्लाइट्स को पकडऩे में सुविधा होगी।
एयर इंडिया की सेल्स एंड मार्केटिंग विभाग की एग्ज़ीक्यूटिव डायरेक्टर मीनाक्षी मलिक ने हाईकोर्ट में दायर जवाब में कहा है कि चंडीगढ़ से दिल्ली के लिए यह उड़ान जनवरी, 2019 से ही आरंभ किए जाने की योजना है।
यह रहेगा समय
यह उड़ान दिल्ली से सुबह सात बजे टेक ऑफ करेगी और लगभग आठ बजे चंडीगढ़ पहुंचेगी और फिर सुबह 8.45 पर दिल्ली के लिए रवाना होकर 9.45 बजे दिल्ली पहुंच जाएगी। इस फ्लाइट के आरंभ होने से चंडीगढ़ से दिल्ली के लिए सप्ताह में चलने वाली फ्लाइटस की संख्या 7 से बढ़ कर 14 हो जाएगी। यह फ्लाइट उत्तरी राज्यों के लोगों को दिल्ली से उडने वाली बैंकॉक की फ्लाइट से भी जोड़ देगी।
बैंकॉक के लिए फ्लाइट शुरू करने से इंकार
चंडीगढ़ से बैंकॉक के लिए फ्लाइट आरंभ करने पर एक बार फिर से इंकार करते हुए एयर इंडिया ने कहा है कि इस रुट पर एयर इंडिया द्वारा व्यावसायिक तौर पर काफी वित्तीय नुक्सान झेला जा चुका है और इस मार्ग पर मांग को बढते ना देख कर ही इसे बंद किया गया है। इस जवाब में कहा गया है कि बैंकॉक फ्लाइट पर एयर इंडिया को दिसंबर से मार्च 2018 के बीच 8.25 करोड़ और अप्रेल 2018 से जुलाई 2018 के बीच 8.79 कराड़ रुपए का नुक्सान झेलना पड़ा।
देर शाम को भी शुरू की जाएगी फ्लाइट
चंडीगढ़ से अपने ऑपरेशंस बढ़ाने का आश्वासन देते हुए एयर इंडिया ने कहा है कि एयर इंडिया चंडीगढ़ से दिल्ली के लिए देर शाम को एक फ्लाइट आरंभ करने और रात के समय चंडीगढ़ से हैदराबाद और चंडीगढ़ से बैंग्लोर के लिए भी उड़ान आरंभ करना चाहता है। पर यह उड़ाने एयरपोर्ट के 24 घंटे उडानों के लिए तैयार होने के बाद ही आरंभ हो पाएंगी। अपने जवाब में एयर इंडिया ने कहा है कि एयर इंडिया ने चंडीगढ़ एयरपोर्ट को हब एंड स्पोक फ्लाइटस के लिए प्रयोग में लाने के लिए केंद्रीय गृह मंत्रालय और केन्द्रीय नागरिक उडडयन मंत्रालय को पत्र लिखा है।