वैदिक गणित के अस्तित्व को जिंदा रख रहीं टीचर ज्याेति तिवारी, 100 से ज्यादा वीडियो किए तैयार
ज्योति ने बताया कि यह गणित को आसान और तेज़ तरीके से हल करने के लिए तकनीकों का एक संग्रह है।
चंडीगढ़, [वैभव शर्मा]। आज के मॉर्डन और तकनीक भरे समय में हर कोई आगे बढ़ने के लिए नई तकनीक का प्रयोग कर रहा है। लेकिन शिक्षा के क्षेत्र में आज भी एक प्राचीन पद्दति अपना विशेष स्थान बनाए हुए है। यह पद्दति है वैदिक गणित, जाे मॉर्डन गणित को आसानी से हल करने में बहुत सहायक है। सेक्टर-40 स्थित शारदा सर्वहितकारी माॅडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल में बतौर गणित टीचर कार्यरत ज्योति तिवारी ने शहर में वैदिक गणित को अभी भी जिंदा रखा है। ज्योति स्टूडेंट्स को वैदिक गणित के गुणों से अवगत करवा रही है।
वैदिक गणित की महत्वता को लेकर दैनिक जागरण ने ज्योति तिवारी से बात की। ज्योति ने बताया कि यह गणित को आसान और तेज तरीके से हल करने के लिए तकनीकों का एक संग्रह है। इसमें 16 सूत्र और 13 उप सूत्र शामिल हैं जिनका उपयोग अंकगणित, बीजगणित, ज्यामिति (ज्योमेट्री) में शामिल समस्याओं के लिए किया जा सकता है।
गणित के सवालों को करता है आसानी से हल
ज्योति ने बताया कि गणित और वैदिक गणित में बहुत फर्क होता है। जहां हमें साधारण गणित में एक सवाल को हल करने में हमें एक से तीन मिनट का समय लगता है, वहीं वैदिक गणित में उस सवाल को पांच से 15 सेकेंड के बीच हल कर लिया जाता है। इससे स्टूडेंट्स के पास दूसरे सवालों को हल करने के लिए अतिरिक्त समय बच जाता है।
शॉर्ट कट मैथेड स्टूडेंट्स की करते है मदद
वैदिक गणित में शाॅर्ट कट मैथेड होते है। जो सवालाें को हल करने में लाभादायक साबित होते है। गणित के स्टूडेंट्स के लिए वैदिक गणित की जानकारी बहुत जरूरी है। हर स्टूडेंट्स होशियार नहीं होता है और वैदिक गणित के माध्यम से औसत स्टूडेंट्स भी अच्छे मार्कक्स लेकर आ सकते हैं।
सरल है वैदिक गणित की प्रक्रिया
वैदिक गणित की प्रक्रिया बहुत ही सरल है। ज्योति ने बताया कि जल्दी से टेबल लिखना, एक पंक्ति में 3 अंकों की संख्या का गुणा, वास्तविक विभाजन के बिना बड़ी संख्याओं का विभाजन, वर्ग, क्यूब्स, वर्गमूलों का पता लगाना, संख्याओं के गुणन की आधार विधि, जोड़, घटाव और बीजगणितीय आदि को लिया गया जो न केवल छात्रों के लिए उनके पाठ्यपुस्तक पाठ्यक्रम में बल्कि प्रतियोगी परीक्षाओं में भी उपयोगी होगा।
गणित और वैदिक गणित के लिए 100 वीडियो तैयार
लॉकडाउन में स्टूडेंट्स की मदद के लिए ज्योति ने गणित और वैदिक की करीब 100 से ज्यादा वीडियो बना कर अपने यू ट्यूब पेज पर अपलोड की है, जिसका फायदा हर स्टूडेंट्स को मिल रहा है। वहीं स्टूडेंट्स यू ट्यूब पर ही ज्योति से अपनी समस्याओं को साझा कर रहे हैं।