चंडीगढ़ के छात्र के आइडिया से दूर होगा पेट डॉग का अकेलापन, सेंसर से मिलेंगे निर्देश; प्रोजेक्ट का जापान के लिए चयन
चंडीगढ़ के 12वीं कक्षा के छात्र अर्जुन कुमार ने पालतू कुत्तों के अकेलेपन को दूर करने के लिए एक पेट ट्रेनर प्रोजेक्ट तैयार किया है। यह सेंसर-आधारित प्रोजेक्ट इंसानी आवाज में कुत्तों को निर्देश देता है और इसे जापान जाने वाले 60 प्रोजेक्ट्स में शामिल किया गया है।

चंडीगढ़ के छात्र अर्जुन कुमार ने तैयार किया पेट ट्रेनर प्रोजेक्ट, जोकि जापान के लिए चुना गया।
HighLights
चंडीगढ़ के छात्र अर्जुन ने पालतू कुत्तों के लिए प्रोजेक्ट बनाया।
सेंसर आधारित यह प्रोजेक्ट इंसानी आवाज में निर्देश देता है।
यह अभिनव प्रोजेक्ट अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रम जापान के लिए चुना गया।
सुमेश ठाकुर, चंडीगढ़। शहरों में कुत्तों को रखने का चलन तेजी से बढ़ा है। व्यस्त होने पर लोग अपने पालतू कुत्तों को न तो घुमा पाते हैं न ही उनकी शारीरिक गतिविधियां करवा पाते है। इस बात को ध्यान में रखते हुए चंडीगढ़ में 12वीं कक्षा में पढ़ने वाले अर्जुन कुमार ने पेट ट्रेनर प्रोजेक्ट तैयार किया है, जोकि कुत्ते काे अकेलापन महसूस नहीं होने देगा।
खास बात यह है कि सेंसर के जरिये इंसानी आवाज में कुत्ते को निर्देश मिलेंगे। इस पेट ट्रेनर प्रोजेक्ट को जापान जाने वाले 60 प्रोजेक्ट की सूची में शामिल किया गया है। इस प्रोजेक्ट को डड्डूमाजरा में रहने वाले अर्जुन कुमार ने नौवीं कक्षा में पढ़ाई के दौरान साइंस एग्जीबिशन के लिए इस प्रोजेक्ट को तैयार किया था।
उस समय अर्जुन ने इसे गवर्नमेंट माॅडल हाई स्कूल डड्डूमाजरा की ओर से पेश किया था। राज्य स्तर पर बेहतरीन प्रोजेक्ट चयनित होने के बाद यह राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचा। अब विभिन्न चरणों में सफलता हासिल करने के बाद इसे भारत का प्रतिनिधित्व करने के लिए अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रम के लिए चुना गया है।
अर्जुन ने इस प्रोजेक्ट को सेक्टर-32 स्थित स्टेट काउंसिल ऑफ एजुकेशनल रिसर्च एंड ट्रेनिंग (एससीईआरटी) में चल रही 54वीं राज्य स्तरीय बाल वैज्ञानिक प्रदर्शनी में भी प्रदर्शित किया है, जोकि आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।
प्रोजेक्ट की यह है खासियत
गवर्नमेंट माॅडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल सेक्टर-37 बी में नाॅन मेडिकल के स्टूडेंट अर्जुन ने घर के पार्क या गार्डन के लिए पेट ट्रेनर प्रोजेक्ट तैयार किया है। इसमें कुत्ते के चढ़ने के लिए सीढ़ियां, रैंप और छलांग लगाने के लिए अलग-अलग हडल बनाए गए हैं।
प्रोजेक्ट के अंतिम हिस्से में सेंसर से संचालित होने वाली गेंद लगाई गई है। कुत्ते के प्रवेश करते ही सेंसर सक्रिय हो जाते हैं और इंसानी आवाज में उसे दिशा-निर्देश देते हैं। आवाज के निर्देशों के अनुसार कुत्ता अलग-अलग गतिविधियां करता है और गेंद के साथ खेलता है।
अर्जुन के अनुसार, शुरुआत में कुत्ते को 10 से 15 दिन तक प्रशिक्षित करना होगा। इसके बाद वह निर्देशों को समझकर स्वयं गतिविधियां कर सकेगा। इस तरह पेट ट्रेनर कुत्ते को घर के गार्डन या पार्क में शारीरिक गतिविधियों के लिए प्रेरित करेगा और उसकी दिनचर्या को सक्रिय बनाए रखने में मदद करेगा।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।