चंडीगढ़ में स्कूली छात्राओं ने रूई और नारियल के छिलके से बनाई सैनिटरी पैड, डिस्पोज करना आसान
चंडीगढ़ में 54वीं राज्य स्तरीय बाल वैज्ञानिक प्रदर्शनी में विद्यार्थियों ने पर्यावरण अनुकूल मॉडल पेश किए। डीएवी मॉडल पब्लिक स्कूल की छात्राओं ने रूई और नारियल के छिलके से बने सैनिटरी पैड का मॉडल प्रस्तुत किया, जो प्रदूषण कम करने में सहायक है।

छात्राओं ने पैड के साथ डिस्पोजल मशीन का माॅडल भी पेश किया। (सांकेतिक फोटो)
HighLights
रूई और नारियल के छिलके से बने पर्यावरण अनुकूल सैनिटरी पैड।
आपदा प्रबंधन के लिए सेंसर आधारित जलस्तर और आग अलर्ट मॉडल।
किसी स्थान पर प्रदूषण स्तर जांचने वाला एयर एस्टेट मॉडल।
जागरण संवाददाता, चंडीगढ़। पर्यावरण संरक्षण के लिए ऐसे नवाचार की जरूरत है, जो दैनिक जीवन की समस्याओं को खत्म करते हुए प्रदूषण भी कम करे। सेक्टर-32 स्थित स्टेट काउंसिल फाॅर रिचर्स एंड ट्रेनिंग सेंटर (एससीईआरटी) में हुई 54वीं राज्य स्तरीय बाल वैज्ञानिक प्रदर्शनी में विद्यार्थियों ने पर्यावरण अनुकूल माॅडल पेश किए हैं।
तीन दिवसीय प्रदर्शनी में 50 स्कूलों के विद्यार्थियों ने 120 माॅडल पेश हुए। रूई और नारियल के छिलके से तैयार सैनिटरी पैड, घर लेने से पहले या रूकने के स्थान पर प्रदूषण की जांच करने वाले उपकरण और आपदा प्रबंधन से जुड़े माॅडल पेश किए गए।
डीएवी माॅडल पब्लिक स्कूल सेक्टर-15 की छात्राओं ने सैनिटरी पैड डिस्पोजल मशीन और पर्यावरण अनुकूल सैनिटरी पैड का माॅडल प्रस्तुत किया। सातवीं कक्षा की गौरवी और बरिथी आनंद ने बताया कि सामान्य सैनिटरी पैड में 60 से 80 प्रतिशत प्लास्टिक और सुपर पाॅलिएस्टर होने के कारण उनका डिस्पोज नहीं होता।
खुले में फेंकने से भूमि प्रदूषण और जलाने से वायु प्रदूषण बढ़ता है। इस समस्या के समाधान के लिए छात्राओं ने बायोप्लास्टिक, जूट, रूई और नारियल के छिलके का इस्तेमाल कर सैनिटरी पैड तैयार किए हैं। इनका उपयोग सामान्य पैड की तरह किया जा सकता है और इस्तेमाल के बाद डिस्पोज भी आसान होगा। छात्राओं ने पैड के साथ डिस्पोजल मशीन का माॅडल भी पेश किया है।
बेसमेंट में पानी भरने पर मिलेगा अलर्ट
गवर्नमेंट माॅडल हाई स्कूल सेक्टर-38 वेस्ट के विद्यार्थी समीरा और अरीबा ने आपदा प्रबंधन से जुड़ा माडल पेश किया। इसमें अलग-अलग सेंसर के माध्यम से घर की बेसमेंट में पानी भरने और जल स्रोतों के बढ़ते जलस्तर की जानकारी तुरंत मिल सकेगी।
इसके अलावा आग लगने और आगे चल रहे वाहन से टक्कर होने की आशंका की सूचना देने के लिए भी सेंसर आधारित तकनीक दिखाई गई है जो कि गाड़ी की लाइट न जलने से लेकर धुंध और अन्य परिस्थितियों के लिए उपयोगी होगा।
इमारत के आसपास प्रदूषण का स्तर बताएगा एयर इस्टेट
गवर्नमेंट माडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल सेक्टर-19 के नैतिक और अथर्व ने एयर इस्टेट माडल प्रस्तुत किया। इसमें विशेष चिप और उपकरण की मदद से किसी स्थान पर प्रदूषण का स्तर जांचकर स्क्रीन पर दिखाया जा सकेगा। विद्यार्थियों के अनुसार, नए घर की खरीदारी के समय भी इस उपकरण का इस्तेमाल आसपास के प्रदूषण का स्तर जानने के लिए किया जा सकता है।
कैश अवाॅर्ड के साथ किया सम्मानित
अंतिम दिन समापन समारोह में अलग-अलग शीर्षक पर बने हुए माडल में टाप तीन को 5100, 3100 और 2100 रूपये के कैश अवाॅर्ड से सम्मानित किया गया।
एलिमेंट्री स्तर में एआई विषय पर बनी प्रतियोगिता में जीएमएचएस सेक्टर-7 के अयान मुख्तर और निहारिका बोरा प्रथम, सेक्टर-19 के सीनियर सेकेंडरी स्कूल से पारस पांडे और भविष्य दूसरे और सेक्टर-30 की पदमा और रिशु ने तीसरा स्थान हासिल किया।
सकेंडरी कैटेगरी में मोती राम आर्या के सार्थक और आयुष, सेक्टर-10 के उदय और वंश और सेक्टर-23 स्थित स्कूल के अवनीत कौर वियांशी रहे। इसी प्रकार से ग्रीन ऊर्जा और पर्यावरण संरक्षण में सेंट एनीस के वेदांत, सेंट जोसेफ सेक्टर-44 के विवान शर्मा और जीएमएचएस सेक्टर-23 से अवनीत कौर और वियांशी को सम्मानित किया गया।
इसी तरह से सेकेंडरी स्तर में सेक्टर-37बी के अरमान पठानिया और आदित्य चौबे, सेक्टर-47 हाई स्कूल से अलोक और अशीष कुमार व सेंट जोसेफ से दुर्लभ वीर और विश्वा एल्याराजा ने स्थान हासिल किया।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।