विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

चंडीगढ़ में कस्टमर को थमाई फटी जैकेट, अब स्टोर को चुकाना होगा 31 हजार रुपये रिफंड और हर्जाना

By Ravi Atwal Edited By: Sohan Lal
Published: Thu, 05 Nov 2026 05:29 PM (IST)

चंडीगढ़ जिला उपभोक्ता आयोग ने एलांते मॉल स्थित कोलंबिया केयर स्टोर को फटी जैकेट के लिए ग्राहक को 31,000 का ...और पढ़ें

चंडीगढ़ जिला उपभोक्ता आयोग का फैसला।

चंडीगढ़ जिला उपभोक्ता आयोग का फैसला।

HighLights

  1. चंडीगढ़ जिला उपभोक्ता आयोग ने सुनाया फैसला।

  2. कोलंबिया केयर स्टोर को सेवा में कमी का दोषी माना।

  3. ग्राहक को जैकेट की कीमत और 20,000 हर्जाना मिलेगा।


जागरण संवाददाता, चंडीगढ़। 11 हजार रुपये की जैकेट फटी हुई मिलने के मामले में जिला उपभोक्ता आयोग ने एलांते माल स्थित कोलंबिया केयर स्टोर को सेवा में कमी का दोषी ठहराया है। आयोग ने स्टोर को जैकेट की कीमत ब्याज समेत लौटाने और 20 हजार रुपये हर्जाना व मुकदमा खर्च देने का निर्देश दिया। ग्राहक को कुल 31 हजार रुपये मिलेंगे।

आयोग अध्यक्ष अमरिंदर सिंह सिद्धू और सदस्य बीएम शर्मा की पीठ ने सेक्टर-11 निवासी सौहार्द की शिकायत पर यह फैसला सुनाया। सौहार्द ने बताया कि उन्होंने 25 दिसंबर 2025 को स्टोर से तीन जैकेट खरीदी थीं और इसके लिए 26997 रुपये चुकाए थे। इनमें डेल्टा रिज डाउन जैकेट की कीमत 10999 रुपये थी। पहनने पर जैकेट फटी हुई मिली।

उन्होंने ई-मेल के जरिए स्टोर को इसकी जानकारी दी, लेकिन कंपनी ने रिफंड देने या समस्या का समाधान करने के बजाय शिकायत खारिज कर दी। इसके बाद उन्होंने आयोग में केस दायर किया। कंपनी ने कहा कि ग्राहक ने खरीदते समय जैकेट अच्छी तरह जांची थी और नुकसान के लिए वही जिम्मेदार हैं।

आयोग ने पाया कि कंपनी इस दावे के समर्थन में कोई स्वतंत्र तकनीकी जांच रिपोर्ट या विशेषज्ञ की राय पेश नहीं कर सकी। जैकेट का फटा हिस्सा बगल के नीचे था, जिसे आसानी से देख पाना संभव नहीं था। आयोग ने माना कि कंपनी ने शिकायत का उचित समाधान नहीं किया और सेवा में कमी के साथ अनुचित व्यापार व्यवहार किया। इसी आधार पर स्टोर को भुगतान के निर्देश दिए गए।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।