कौन होगा चंडीगढ़ का नया SSP? चार महीने पहले ही शुरू हो गई तलाश; चर्चा में तीन IPS अधिकारियों के नाम
मौजूदा एसएसपी कंवरदीप कौर का कार्यकाल पूरा होने से चार महीने पहले ही नए एसएसपी की तलाश शुरू हो गई ...और पढ़ें

चंडीगढ़ में नए एसएसपी के लिए कवायद शुरू। (एआई जनरेटेड फोटो)
HighLights
वरुण शर्मा, गौरव तूरा और हरीश दयामा के नाम की चर्चा।
पंजाब पुलिस मुख्यालय तैयार करेगा नामों का प्रस्ताव।
एमएचए और चंडीगढ़ प्रशासन लगाएंगे अंतिम मुहर।
मनोज बिष्ट, चंडीगढ़। चंडीगढ़ पुलिस को नया सीनियर सुपरिंटेंडेंट ऑफ पुलिस (एसएसपी) मिलने की कवायद शुरू हो गई है। मौजूदा एसएसपी कंवरदीप कौर का कार्यकाल पूरा होने में करीब चार महीने शेष हैं, लेकिन पंजाब सरकार ने उनके उत्तराधिकारी की तलाश अभी से शुरू कर दी है।
नए एसएसपी की नियुक्ति के लिए पंजाब कैडर के तीन आईपीएस अधिकारियों के नाम चर्चा में हैं। इनमें 2014 बैच के वरुण शर्मा, गौरव तूरा और हरीश दयामा शामिल हैं। पंजाब पुलिस मुख्यालय को चंडीगढ़ एसएसपी के पद के लिए योग्य अधिकारियों का पैनल तैयार करने की प्रक्रिया शुरू करने को कहा गया है।
पैनल तैयार होने के बाद इसे केंद्रीय गृह मंत्रालय (एमएचए) और चंडीगढ़ प्रशासन के पास भेजा जाएगा। इसके बाद संबंधित स्तर पर नए एसएसपी के नाम पर अंतिम फैसला लिया जाएगा। फिलहाल तीनों अधिकारियों के नामों पर विचार किया जा रहा है।
किसी एक नाम पर अंतिम सहमति नहीं बनी है। मौजूदा एसएसपी कंवरदीप कौर 2013 बैच की पंजाब कैडर की आईपीएस अधिकारी हैं। उन्होंने 9 मार्च 2023 को चंडीगढ़ एसएसपी का कार्यभार संभाला था।
उनका शुरुआती तीन साल का डेपुटेशन कार्यकाल मार्च 2026 में पूरा हो गया था। इसके बाद केंद्र सरकार ने उन्हें एक साल का एक्सटेंशन दे दिया। इस वजह से वह मार्च 2027 तक चंडीगढ़ एसएसपी के पद पर बनी रहेंगी। उनके कार्यकाल की समाप्ति से पहले ही नए अधिकारी के चयन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
तीनों अधिकारी 2014 बैच के आईपीएस
नए एसएसपी के लिए जिन तीन अधिकारियों के नाम चर्चा में हैं, वे सभी पंजाब कैडर के 2014 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं। वरुण शर्मा, गौरव तूरा और हरीश दयामा पंजाब में अलग-अलग महत्वपूर्ण पुलिस पदों पर सेवाएं दे चुके हैं।
चंडीगढ़ एसएसपी का पद पंजाब कैडर के आईपीएस अधिकारी के लिए निर्धारित है। ऐसे में पंजाब सरकार की ओर से भेजे जाने वाले पैनल के आधार पर ही आगे की चयन प्रक्रिया पूरी होगी।
पंजाब विधानसभा चुनाव को देखते हुए प्रक्रिया तेज
सूत्रों के मुताबिक, वर्ष 2027 में होने वाले पंजाब विधानसभा चुनाव को देखते हुए भी महत्वपूर्ण पुलिस पदों पर नियुक्तियों को लेकर समय रहते तैयारी की जा रही है। चुनाव नजदीक आने पर तबादलों और नियुक्तियों से जुड़ी प्रक्रियाओं पर कई तरह की पाबंदियां लागू हो सकती हैं। ऐसे में पंजाब सरकार पहले से ही चंडीगढ़ एसएसपी के उत्तराधिकारी के चयन की प्रक्रिया पूरी करने की दिशा में कदम बढ़ा रही है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।