19 साल में साइकिल से की 191 देशों की यात्रा, अब भारत भ्रमण पर निकले सोमेन देबनाथ पहुंचे चंडीगढ़
विश्व साइकिलिस्ट सोमेन देबनाथ 191 देशों की यात्रा के बाद अब 'रीयूनियन भारत' अभियान के तहत चंडीगढ़ पहुंचे हैं। उन्होंने अधिकारियों से मुलाकात की।
-1789035243742_m.webp)
दुनिया के 7 महाद्वीप घूमने वाले विश्व प्रसिद्ध साइकिलिस्ट सोमेन देबनाथ।
HighLights
विश्व साइकिलिस्ट सोमेन देबनाथ चंडीगढ़ पहुंचे, पर्यावरण का संदेश दिया
19 साल में 191 देशों की साइकिल यात्रा कर चुके हैं
'रीयूनियन भारत' अभियान के तहत देश भ्रमण पर निकले हैं
जागरण संवाददाता, चंडीगढ़। पर्यावरण संरक्षण, राष्ट्रीय एकता और युवाओं को खेलों से जोड़ने का संदेश लेकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बना चुके साइकिलिस्ट एवं सामाजिक कार्यकर्ता सोमेन देबनाथ गुरुवार को चंडीगढ़ पहुंचे।
वह अपने सालभर चलने वाले राष्ट्रव्यापी साइकिल अभियान ‘रीयूनियन भारत-वन ट्री, वन लाइफ, इंडियन यूथ एंड स्पोर्ट्स’ के तहत देश के विभिन्न हिस्सों का दौरा कर रहे हैं। अभियान के दौरान वह देश के सभी 28 राज्यों और पांच केंद्र शासित प्रदेशों को साइकिल से कवर करेंगे।
सोमेन देबनाथ का अभियान राष्ट्रीय एकता, पर्यावरण संरक्षण, युवाओं के सशक्तीकरण और खेलों को बढ़ावा देने पर केंद्रित है। इसके माध्यम से वह लोगों को ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ की भावना से जोड़ने और प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी निभाने का संदेश दे रहे हैं।
सोमेन देबनाथ ने इससे पहले 19 वर्षों में दुनिया के सातों महाद्वीपों के 191 देशों की साइकिल यात्रा कर उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। अपनी यात्राओं के दौरान उन्होंने सामाजिक मुद्दों के प्रति जागरूकता फैलाने के साथ भारत की समृद्ध विरासत, सांस्कृतिक विविधता और देश की सकारात्मक छवि को दुनिया के सामने प्रस्तुत किया।

चंडीगढ़ प्रवास के दौरान उन्होंने मेयर सौरभ जोशी, वित्त सचिव दीपर्वा लाकरा, पर्यावरण निदेशक सौरभ कुमार, नगर निगम आयुक्त अमित कुमार और उपायुक्त निशांत कुमार यादव समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारियों व गणमान्य लोगों से मुलाकात की।
शहरवासियों के नाम अपने संदेश में देबनाथ ने अधिक से अधिक पौधे लगाने, पर्यावरण संरक्षण को जीवनशैली का हिस्सा बनाने और टिकाऊ जीवनशैली अपनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रकृति की रक्षा करना केवल वर्तमान पीढ़ी की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के भविष्य से भी जुड़ा दायित्व है।
