चंडीगढ़ सेक्टर-22 की शास्त्री मार्केट में प्रधान ने रखवाए थे अस्थायी बूथ, नगर निगम ने चलाया बुलडोजर
चंडीगढ़ के सेक्टर-22 स्थित शास्त्री मार्केट में नगर निगम ने पार्किंग में रखे अस्थायी बूथों को तोड़ दिया। ये बूथ ...और पढ़ें

सेक्टर-22 की शास्त्री मार्केट की पार्किंग में रखे गए अस्थायी बूथों पर चला बुलडोजर।
HighLights
शास्त्री मार्केट के पार्किंग से अस्थायी बूथ हटाए गए।
नगर निगम की मंजूरी न होने पर हुई यह कार्रवाई।
मार्केट प्रधान मुकेश कोहल ने लगवाए थे ये बूथ।
जागरण संवाददाता, चंडीगढ़। बिना नगर निगम की मंजूरी सेक्टर-22 की शास्त्री मार्केट की पार्किंग में रखे गए अस्थायी बूथों पर एनफोर्समेंट विंग बुलडाेजर चलाया। ये बूथ मार्केट प्रधान मुकेश कोहल की ओर से बाहर से तैयार करवाकर यहां रखवाए गए थे।
बताया जा रहा है कि मार्केट को नए सिरे से बनाने की योजना के तहत इन अस्थायी बूथों की व्यवस्था की गई थी, ताकि निर्माण कार्य के दौरान दुकानदार इनमें अपना कारोबार जारी रख सकें। हालांकि, इस पूरी योजना को लेकर मार्केट के दुकानदारों में सहमति नहीं बन पाई और विरोध बढ़ने के बाद मामला निगम कमिश्नर तक पहुंच गया।
दरअसल, सेक्टर-22 की शास्त्री मार्केट को तोड़कर नए सिरे से विकसित करने की योजना पिछले कुछ समय से चर्चा में है। मार्केट को एक समान स्वरूप देने के लिए इसका प्लान तैयार करवाया गया है।
इसी कड़ी में प्रशासन से मार्केट के पुनर्निर्माण का उद्घाटन भी करवाया गया था। मार्केट प्रधान मुकेश कोहल की मंशा पूरी मार्केट को हटाकर नए डिजाइन के अनुसार दोबारा दुकानें बनाने की बताई जा रही है। इसके लिए उन्होंने अस्थायी बूथ भी मंगवाए थे।
लेकिन मार्केट के काफी दुकानदार पूरी मार्केट को तोड़ने के पक्ष में नहीं हैं। करीब 150 दुकानदारों ने हस्ताक्षर कर नगर निगम कमिश्नर अमित कुमार को लिखित शिकायत सौंपी है। दुकानदारों का कहना है कि पूरी मार्केट को तोड़कर दोबारा बनाने की जरूरत नहीं है।
इससे उनका कारोबार प्रभावित होगा और उन्हें अनावश्यक परेशानी उठानी पड़ेगी। दुकानदारों ने सुझाव दिया है कि यदि मार्केट में सुधार करना है तो केवल छत बदली जाए और उसकी जगह पक्की छत बनाई जाए।
दुकानदारों की शिकायत में पार्किंग में रखे गए अस्थायी बूथों का मुद्दा भी उठाया गया। इसके बाद निगम कमिश्नर अमित कुमार ने एनफोर्समेंट विंग को कार्रवाई के निर्देश दिए। जांच में बूथों को रखने के लिए नगर निगम की मंजूरी नहीं होने के चलते एनफोर्समेंट टीम ने उन्हें तोड़कर हटा दिया।
इस कार्रवाई के साथ ही शास्त्री मार्केट के पुनर्निर्माण को लेकर मार्केट के भीतर चल रहा मतभेद भी सामने आ गया है। अब देखना होगा कि निगम और प्रशासन दुकानदारों की आपत्तियों के बीच मार्केट के विकास की योजना पर क्या फैसला लेते हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।