चंडीगढ़ में नई बल्क मार्केट बनने का रास्ता साफ, 52 बूथ और 188 प्लॉट्स की नीलामी जल्द; कारोबार का सुनहरा मौका
चंडीगढ़ सेक्टर-56 में नई बल्क मार्केट को पर्यावरण मंजूरी मिल गई है, जिससे अगले महीने से प्लाॅट्स और बूथों की ...और पढ़ें

सेक्टर-56 में नई बल्क मार्केट को पर्यावरण की मंजूरी, धनास की मार्बल मार्केट होगी शिफ्ट। (सांकेतिक फोटो)
HighLights
सेक्टर-56 में नई बल्क मार्केट को पर्यावरण मंजूरी मिली।
अगले महीने से प्लाॅट्स और बूथों की नीलामी शुरू होगी।
कारोबारियों को मिलेगा व्यवस्थित व्यावसायिक स्थल।
जागरण संवाददाता, चंडीगढ़। चंडीगढ़ में कारोबारियों के लिए नई बल्क मार्केट बसाने का रास्ता साफ हो गया है। सेक्टर-56 (वेस्ट) में विकसित की जा रही इस मार्केट को पर्यावरण मंजूरी मिल गई है। प्रशासन अब अगले महीने से प्लाॅट्स और बूथों की नीलामी प्रक्रिया शुरू करने की तैयारी में है।
करीब 44 एकड़ में विकसित हो रही इस मार्केट में मार्बल, फर्नीचर और निर्माण सामग्री का कारोबार करने वाले व्यापारियों को जगह मिलेगी। धनास की मौजूदा मार्बल मार्केट को यहां शिफ्ट किया जाएगा। सेक्टर-53 और 54 की फर्नीचर मार्केट से हटाए गए कारोबारियों को भी नीलामी में भाग लेने का अवसर मिलेगा।
मार्केट में 52 बूथों के अलावा 188 600-600 वर्ग गज के प्लाॅट रखे गए हैं। प्रशासन की योजना के अनुसार इनकी नीलामी निर्धारित कलेक्टर रेट के आधार पर होगी। इससे कारोबारियों को एक व्यवस्थित व्यावसायिक स्थल मिलेगा। नई मार्केट में सड़क, बिजली, पानी, सीवरेज, स्टॉर्म वाटर ड्रेनेज, पार्किंग और अन्य बुनियादी सुविधाएं विकसित की जा रही हैं।
करीब 20 करोड़ रुपये की लागत से तैयार हो रही इस मार्केट का उद्देश्य शहर में बिखरे हुए थोक कारोबार को एक स्थान पर व्यवस्थित करना है। इससे न केवल कारोबारियों को स्थायी व्यावसायिक परिसर मिलेगा, बल्कि सड़कों और सरकारी जमीन पर चल रही अनधिकृत मार्केटों को भी हटाने में प्रशासन को मदद मिलेगी।
धनास की मार्बल मार्केट की जमीन का मालिकाना विवाद
धनास में पिछले करीब 25 से 30 वर्षों से मार्बल कारोबार चल रहा है। यहां की जमीन मूल रूप से किसानों की कृषि भूमि रही है। इस पर कारोबारियों ने मार्बल की दुकानें और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठान बना लिए।
प्रशासन और अदालत की ओर से इसे कृषि भूमि पर अनधिकृत व्यावसायिक गतिविधि माना गया है। वर्ष 2018 के सर्वे में धनास और सारंगपुर में 182 दुकानें चिह्नित की गई थीं। प्रशासन अब इन कारोबारियों को सेक्टर-56 में व्यवस्थित मार्केट में जगह देकर पुरानी मार्केट खाली करवाना चाहता है।
फर्नीचर कारोबारियों को भी मिलेगा मौका
पिछले साल प्रशासन ने सेक्टर-53 और 54 में चल रही फर्नीचर मार्केट को हटाकर करीब 10 से 12 एकड़ सरकारी जमीन खाली करवाई थी। यह जमीन प्रशासन ने वर्ष 2002 में अधिग्रहित की थी और इसका मालिकाना हक प्रशासन के पास है। अब वहां से हटाए गए फर्नीचर कारोबारियों को भी नई बल्क मार्केट की नीलामी में शामिल होने का अवसर मिलेगा।
फ्रीहोल्ड पर टिकी कारोबारियों की नजर
इस पूरी योजना के बीच सबसे अहम सवाल जमीन के मालिकाना हक का है। अभी चंडीगढ़ में कमर्शियल प्रॉपर्टी को लीजहोल्ड से फ्रीहोल्ड करने की मंजूरी का इंतजार है। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह की हालिया घोषणाओं में इस मुद्दे को भी शामिल बताया जा रहा है। कारोबारियों को उम्मीद है कि अगले सप्ताह इस संबंध में फैसला हो सकता है।
हालांकि नई बल्क मार्केट की नीलामी किस आधार पर होगी, यह अंतिम सरकारी आदेश और नीलामी की शर्तों से स्पष्ट होगा। यदि फ्रीहोल्ड की मंजूरी मिलती है तो कारोबारियों के लिए यह बड़ी राहत होगी। फिलहाल सबसे बड़ी चुनौती यह है कि वर्षों से अलग-अलग स्थानों पर कारोबार कर रहे व्यापारियों को एक ही जगह व्यवस्थित किया जाए।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।