चंडीगढ़ सेक्टर-15 में जीरो वेस्ट फूड स्ट्रीट की शुरुआत, प्लास्टिक होगा कम; लोगों को मिलेगी खाली सड़क
चंडीगढ़ के सेक्टर-15 में जीरो वेस्ट फूड स्ट्रीट और 'स्ट्रीट फॉर पीपल' परियोजनाएं शुरू की गई हैं। इनका उद्देश्य कचरा ...और पढ़ें

सेक्टर-15 की जीरो वेस्ट फूड स्ट्रीट की शुरुआत। फोटो: संजय घिल्डियाल
HighLights
जीरो वेस्ट फूड स्ट्रीट: प्लास्टिक मुक्त, स्टील के बर्तन, कचरा प्रबंधन पर जोर।
'स्ट्रीट फॉर पीपल': पैदल यात्रियों, साइकिल सवारों को सुरक्षित आवागमन मिलेगा।
सेक्टर-15 बनेगा स्वच्छ, व्यवस्थित, आकर्षक सार्वजनिक स्थल का मॉडल।
बलवान करिवाल, चंडीगढ़। कूचरा, इसका प्रबंधन और पर्यावरण संरक्षण शहरों के लिए बड़ी समस्या बन गई है। इसके साथ बढ़ते वाहनों की वजह से सिकुड़ता पैदल यात्रियों का स्पेस भी गंभीर समस्या बन गई है।
चंडीगढ़ सेक्टर-15 की जीरो वेस्ट फूड स्ट्रीट और स्ट्रीट फॉर पीपल इसका हल होंगी। यह शहरों के सामने उत्पन्न बड़ी समस्याओं को हल करने का माडल साबित होंगी।
सेक्टर-15 के पटेल मार्केट के पीछे अब बाजार का पूरा स्वरूप बदलने जा रहा है। यहां नगर निगम की ओर से एक तरफ जीरो वेस्ट माडर्न फूड स्ट्रीट विकसित की गई है, वहीं दूसरी तरफ अब पूरे बाजार के आसपास की सड़क को स्ट्रीट फार पीपल के रूप में विकसित किया जाएगा।
इन दोनों परियोजनाओं का उद्देश्य सेक्टर-15 को केवल खाने-पीने के बाजार के रूप में नहीं, बल्कि स्वच्छ, व्यवस्थित, आकर्षक और लोगों के अनुकूल सार्वजनिक स्थल के रूप में विकसित करना है।
फूड स्ट्रीट में जहां दुकानों को एक जैसा स्वरूप देने, कचरा प्रबंधन और लोगों के बैठने की व्यवस्था की गई है, वहीं स्ट्रीट फार पीपल के तहत पूरे क्षेत्र में पैदल यात्रियों और साइकिल सवारों को प्राथमिकता मिलेगी।
वेस्ट कम हो इसलिए प्लास्टिक की जगह स्टील के बर्तन
फूड स्ट्रीट को जीरो वेस्ट माॅडल पर विकसित किया गया है। यहां गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग एकत्र करने के लिए ट्विन डस्टबिन लगाए गए हैं। प्लास्टिक के इस्तेमाल को कम करने और क्षेत्र को प्लास्टिक मुक्त रखने पर जोर दिया गया है।
स्टील के बर्तन इस्तेमाल हो रहे हैं। यहां वाहनों की एंट्री नहीं होगी और इसे नान मोटराइज्ड ट्रैफिक के अनुकूल बनाया गया है। लोगों के बैठने के लिए बेंच और शेड, आकर्षक लाइटिंग, लैंडस्केपिंग, डिस्प्ले बोर्ड, दिशा बताने वाले साइन बोर्ड और सजावटी बोलार्ड लगाए गए हैं। सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरे और पीने के पानी के लिए वाटर एटीएम की सुविधा भी दी गई है।
स्ट्रीट फॉर पीपल की पहल
फूड स्ट्रीट के साथ अब सेक्टर-15 की वी-4 सड़क को भी स्ट्रीट फोर पीपल के रूप में विकसित किया जाएगा। इसके लिए नौ करोड़ 39 लाख 81 हजार रुपये का प्रोजेक्ट तैयार किया गया है। प्रशासक गुलाब चंद कटारिया ने इसकी आधारशिला रखी है।
यह सड़क सेक्टर-14/15 लाइट प्वाइंट से सेक्टर-15/16 लाइट प्वाइंट तक विकसित की जाएगी। मौजूदा 44 फीट चौड़ी तीन लेन की सड़क को घटाकर 32 फीट का दो लेन मार्ग बनाया जाएगा। सड़क के दोनों तरफ छह-छह फीट जगह नान मोटराइज्ड ट्रांसपोर्ट के लिए विकसित होगी।
इसके अलावा चार से छह फीट चौड़े फुटपाथ बनाए जाएंगे। यहां हरियाली, आकर्षक स्ट्रीट लाइट, बेंच और बैठने के लिए बेहतर व्यवस्था की जाएगी। बस और ट्रकों जैसे भारी वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी, जबकि हल्के वाहनों के लिए अधिकतम 30 किलोमीटर प्रति घंटे की गति निर्धारित होगी।
फूड स्ट्रीट पर ली कार्बूजिए की छाप
चंडीगढ़ को आकार देने वाले आर्किटेक्ट ली कार्बूजिए की छाप भी फूड स्ट्रीट पर है। फूड स्ट्रीट में सजावटी लाइट और ट्रैक लाइट वैसी ही लगाई गई हैं जैसी ली कार्बूजिए ने सुखना लेक के लिए डिजाइन की थी। सुखना लेक पर ओवर हेड लाइट्स की बजाए जमीन पर खास कंक्रीट स्ट्रक्टर में लाइट लगाई गई हैं। यहां फूड स्ट्रीट पर भी ऐसी लाइट लगाई गई हैं।
चंडीगढ़ की पहली जीरो वेस्ट फूड स्ट्रीट के साथ ही स्ट्रीट फॉर पीपल दो ऐसी पहल हैं जो केवल चंडीगढ़ की नहीं दूसरे शहरों के लिए भी उदाहरण हैं। यह कचरे को कम करने और बढ़ते ट्रैफिक में पैदल यात्रियों को सुरक्षित रास्ता उपलब्ध कराने की अनूठी पहल है। इससे वह सुरक्षित होंगे। दोनों प्रोजेक्ट से इस एरिया का स्वरूप भी बदलने वाला है।- सौरभ जोशी, मेयर, चंडीगढ़।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।