विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

चंडीगढ़ के स्कूलों को साइबर अटैक की धमकी, बैंक खाते और डिजिटल सिस्टम हैक करने की चेतावनी; सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट 

Published: Tue, 06 Oct 2026 07:00 AM (IST)

चंडीगढ़ के स्कूलों को साइबर हमले की धमकी मिली है। बैंक खाते और डिजिटल सिस्टम हैक करने की चेतावनी दी ...और पढ़ें

ई-मेल के सब्जेक्ट में ‘साइबर अटैक @ सीके चंडीगढ़ स्कूल! (सांकेतिक फोटो)

ई-मेल के सब्जेक्ट में ‘साइबर अटैक @ सीके चंडीगढ़ स्कूल! (सांकेतिक फोटो)

HighLights

  1. ई-मेल के बाद पुलिस जांच में जुटी।

  2. स्कूलों ने एहतियाती कदम उठाए हैं।

  3. पासवर्ड बदले, ऑनलाइन बैंकिंग सीमित।

मनोज बिष्ट, चंडीगढ़। शहर के स्कूलों को साइबर अटैक की धमकी मिली है। यह पहला मौका है जब इस तरह की धमकी आई है। इससे पहले स्कूलों को बम से उड़ाने की करीब एक दर्जन से अधिक धमकियां मिल चुकी हैं। साइबर अटैक की इस नई धमकी के बाद सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं।

एयरफोर्स स्कूल थ्रीबीआरडी, सेक्टर-31बी के आधिकारिक ई-मेल पर तीन अक्टूबर की रात एक धमकी भरा संदेश प्राप्त हुआ। इसमें पांच अक्टूबर को स्कूलों के बैंक खाते, कंप्यूटर, नेटवर्क, स्मार्ट सिस्टम और अन्य डिजिटल संसाधनों को हैक करने की चेतावनी दी गई है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए स्कूल प्रबंधन ने थाना सेक्टर-31 में शिकायत दर्ज कराई है और ई-मेल के स्रोत तथा उसकी विश्वसनीयता की जांच की मांग की है। स्कूल प्रबंधन ने एहतियात के तौर पर पासवर्ड बदलने, कंप्यूटरों की जांच और मालवेयर स्कैनिंग के साथ ऑनलाइन बैंकिंग की पहुंच सीमित कर दी है।

ई-मेल के सब्जेक्ट में ‘साइबर अटैक @ सीके चंडीगढ़ स्कूल!!’ लिखा गया था। संदेश में पांच अक्टूबर को सुबह नौ बजे से शाम पांच बजे के बीच स्कूलों को निशाना बनाने की बात कही गई है। इसमें स्कूलों के क्रेडेंशियल लीक करने, बैंक अकाउंट हैक करने और कंप्यूटर-नेटवर्क तथा स्मार्ट सिस्टम को प्रभावित करने की धमकी दी गई है।

ई-मेल में स्कूल के वाई-फाई, स्मार्ट बोर्ड और कंप्यूटर सिस्टम का भी उल्लेख किया गया है। इस कारण स्कूल प्रबंधन ने इसे सामान्य धमकी न मानते हुए पुलिस को शिकायत दी है।

बैंक खाते की सुरक्षा बनी सबसे बड़ी चिंता

शिकायत में स्कूल ने विशेष रूप से बताया कि स्कूल के बैंक खाते और ऑनलाइन बैंकिंग सुविधाओं तक पहुंच वाले कंप्यूटर भी ई-मेल में बताए गए संभावित निशाने में शामिल हैं। इस प्रकार, मामला केवल स्कूल के डिजिटल सिस्टम तक सीमित नहीं है, बल्कि वित्तीय सुरक्षा से भी जुड़ा हुआ है।

स्कूल ने ऑनलाइन बैंकिंग की पहुंच को प्रतिबंधित करने के साथ संबंधित पासवर्ड बदल दिए हैं। नेटवर्क से जुड़े उपकरणों की भी जांच की गई है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि धमकी भेजने वाला कौन है, ई-मेल कहां से भेजा गया और क्या आरोपित के पास स्कूल के डिजिटल सिस्टम से जुड़ी कोई वास्तविक जानकारी थी।