विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हेलीकाॅप्टर राइड से खास बनेगा रोज फेस्टिवल, तीन दिन होंगी प्रतियोगिताएं; चंडीगढ़ निगम का फैसला

Published: Thu, 29 Oct 2026 07:43 PM (IST)

चंडीगढ़ नगर निगम ने 55वें रोज फेस्टिवल 2027 के लिए 1.32 करोड़ रुपये के बजट को मंजूरी दी। इससे पर्यटकों को हेलीकॉप्टर जाय राइड की सुविधा मिलेगी।

55वें रोज फेस्टिवल में पर्यटकों को हेलीकाॅप्टर जाय राइड की सुविधा मिलेगी। (एआई जनरेटेड फोटो)

55वें रोज फेस्टिवल में पर्यटकों को हेलीकाॅप्टर जाय राइड की सुविधा मिलेगी। (एआई जनरेटेड फोटो)

HighLights

  1. रोज फेस्टिवल 2027 के लिए 1.32 करोड़ रुपये मंजूर।

  2. पर्यटकों को मिलेगी हेलीकॉप्टर जाय राइड की सुविधा।

  3. रिहायशी फ्लोर की अलग प्रॉपर्टी आईडी बनवाने को मंजूरी।

जागरण संवाददाता, चंडीगढ़। 55वें रोज फेस्टिवल-2027 इस बार खास होने जा रहा है क्योंकि इस बार पर्यटकों को हेलीकाॅप्टर जाय राइड की सुविधा भी मिलेगी। बुधवार को नगर निगम सदन ने रोज फेस्टिवल के लिए 1.32 करोड़ रुपये के बजट को मंजूरी दे दी।

पूर्व में प्रायोजकों से धन जुटाकर फेस्टिवल करवाने और इस बार निगम पर बोझ डालने के मुद्दे को लेकर नगर निगम कमिश्नर अमित कुमार ने सदन को बताया कि इस बार भी पहली प्राथमिकता प्रायोजकों को ढूंढने की होगी।

प्रस्ताव इसलिए लाया गया ताकि टेंडर प्रक्रिया शुरू की जा सके। अगर कोई प्रायोजक मिल जाता है तो रोज फेस्टिवल उसके सहयोग से करवाया जाएगा। अन्यथा टेंडर के अनुसार निगम अपने खर्च पर आयोजन करेगा। सदन ने प्रस्ताव को मंजूरी दे दी।

बता दें कि पिछले कई वर्षों से रोज फेस्टिवल प्रायोजकों और कंपनियों के सहयोग से आयोजित होता रहा है, एक बार तो आयोजन के बाद निगम को 11 लाख रुपये की बचत भी हुई थी। लेकिन इस बार किसी कंपनी ने रुचि नहीं दिखाई। ऐसे में निगम ने 1.32 करोड़ रुपये खर्च करने का प्रस्ताव सदन के सामने रखा, जिसे मंजूरी मिल गई।

यह भी पढ़ें- चंडीगढ़ से हिमाचल प्रदेश की यात्रा हुई सुगम, एयरपोर्ट से संजौली और मंडी के लिए हेलीकॉप्टर सेवा शुरू

यह गतिविधियां होंगी

तीन दिवसीय फेस्टिवल में फूलों की प्रदर्शनी, रंगोली, फ्लोरल हैट, रोज प्रिंस-प्रिंसेस, मिस्टर एंड मिस रोज, वरिष्ठ नागरिकों के लिए रोज किंग-रोज क्वीन प्रतियोगिताएं होंगी। इसके अलावा लोकनृत्य, फोटोग्राफी, पेंटिंग, अंताक्षरी और रोज क्विज जैसी गतिविधियां भी आयोजित की जाएंगी। हेलीकाॅप्टर राइड भी प्रस्तावित है, जिसके जरिए शहर की हवाई सैर कराई जा सकेगी।

बकाया भरकर बनवा सकेंगे अलग प्राॅपर्टी आईडी

नगर निगम सदन ने रिहायशी भवनों के अलग-अलग फ्लोर की स्वतंत्र प्राॅपर्टी आईडी बनाने के नियमों में संशोधन को भी मंजूरी दे दी। अब एक ही बिल्डिंग में अलग-अलग फ्लोर के तीन मालिक होने पर किसी एक मालिक को अपनी आईडी अलग करवाने के लिए पूरी बिल्डिंग का बकाया प्राॅपर्टी टैक्स चुकाने की जरूरत नहीं होगी।

वह अपने हिस्से का बकाया जमा कराकर अलग प्राॅपर्टी आईडी बनवाने के लिए आवेदन कर सकेगा। हालांकि अगर तीनों मिलकर पूरा एरियर भर देते हैं तो तीनों की आइडी अलग बन जाएगी। हालांकि, कमर्शियल और इंडस्ट्रियल संपत्तियों के मामले में सभी मालिकों के हस्ताक्षर की शर्त बरकरार रहेगी।

पहले लायन कंपनी सैलरी देगी फिर निगम से बिल लेगी

सदर्न सेक्टरों की सफाई का काम देख रही लायन सर्विसेज प्राइवेट लि. अब पहले कर्मचारियों को सैलरी देगी। उसके बाद वह निगम से बिल लेगी। जबकि पहले के एग्रीमेंट निगम पहले पेमेंट करता था। इस सुधार के प्रस्ताव को हाउस ने मंजूरी दी। हालांकि भाजपा पार्षद कंवरजीत के आग्रह पर यह शर्त दिवाली के बाद से लागू होगी। ताकि दिवाली से पहले कर्मचारियों की सैलरी मिल सके।