विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

चंडीगढ़ में पुनर्वास कॉलोनियों में 80 प्रतिशत को नहीं मिलेगा मकानों का मालिकाना हक, AAP और कांग्रेस ने उठाए सवाल

Published: Sat, 28 Nov 2026 12:26 PM (IST)

चंडीगढ़ प्रशासन की पुनर्वास कॉलोनियों के मकानों को फ्रीहोल्ड करने की घोषणा से हजारों परिवारों को मालिकाना हक नहीं मिलेगा क्योंकि बाद के खरीदार योजना से बाहर हैं। आम आदमी पार्टी (आप) और कांग्रेस ने नीति में संशोधन की मांग की है।

पुनर्वास कॉलोनियों वालों के मकानों के मालिकाना हक पर उठे सवाल। (सांकेतिक फोटो)

पुनर्वास कॉलोनियों वालों के मकानों के मालिकाना हक पर उठे सवाल। (सांकेतिक फोटो)

HighLights

  1. 80% खरीदार मालिकाना हक से वंचित।

  2. केवल मूल आवंटी, दर्ज सह-आवंटी ही पात्र।

  3. विपक्षी दलों ने नीति में संशोधन की मांग उठाई।

जागरण संवाददाता, चंडीगढ़। पुनर्वास कॉलोनियों के मकानों में रहने वाले हजारों परिवारों को मालिकाना हक देने की चंडीगढ़ प्रशासन की घोषणा ने नई बहस छेड़ दी है। प्रशासक गुलाबचंद कटारिया ने पुनर्वास योजना के तहत आवंटित मकानों को फ्रीहोल्ड करने का फैसला लेकर लोगों को बड़ी राहत देने का दावा किया था, लेकिन इस फैसले का लाभ शहर में रहने वाले सभी मौजूदा मकान मालिकों को नहीं मिलेगा।

प्रशासन की अधिसूचना के मुताबिक, मालिकाना हक के लिए मूल आवंटी, दर्ज सह-आवंटी और पात्र कानूनी उत्तराधिकारी ही आवेदन कर सकेंगे। पावर ऑफ अटॉर्नी (जीपीए), एग्रीमेंट या अन्य दस्तावेजों के आधार पर मकान खरीदने वाले बाद के खरीदार इस योजना के दायरे से बाहर हैं।

रामदरबार, बापूधाम, सेक्टर-25 की जनता कॉलोनी, धनास, मौलीजागरां, दड़वा, डड्डूमाजरा, इंदिरा कॉलोनी, मनीमाजरा, सेक्टर-52 और सेक्टर-56 सहित शहर की कई कॉलोनियों में पुनर्वास योजना के तहत मकान आवंटित किए गए थे। इन मकानों का आवंटन 1979 से शुरू हुई विभिन्न योजनाओं के तहत हुआ।

बड़ी संख्या में मकान 80 और 90 के दशक में आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को दिए गए थे। प्रशासन के आंकड़ों के अनुसार, शहर में पुनर्वास योजनाओं के तहत कुल 34,965 मकान बनाए गए हैं। इनमें से करीब 22 हजार मूल आवंटियों के योजना का प्रत्यक्ष लाभ लेने की संभावना है। यानी करीब 13 हजार मकानों के मौजूदा खरीदारों को फिलहाल मालिकाना हक की सुविधा नहीं मिलेगी।

प्रशासन के सर्वे में भी सामने आया था कि 80 प्रतिशत से अधिक मकानों में मूल आवंटी नहीं, बल्कि जीपीए और अन्य दस्तावेजों के आधार पर खरीदारी करने वाले लोग रह रहे हैं। कई मकान तो तीन से चार बार तक बेचे जा चुके हैं।

ऐसे में सवाल उठ रहा है कि जिन लोगों ने अपनी जीवनभर की कमाई लगाकर इन मकानों को खरीदा और दशकों से उनमें रह रहे हैं, उन्हें मालिकाना हक से क्यों बाहर रखा गया है? प्रशासन की घोषणा से बड़ी आबादी को राहत मिलने की उम्मीद थी, लेकिन अधिसूचना की शर्तों ने हजारों परिवारों की उम्मीदों पर पानी फेर दिया है।

नीति में संशोधन की मांग

आम आदमी पार्टी और कांग्रेस ने प्रशासन से मांग की है कि जीपीए और एग्रीमेंट के आधार पर मकान खरीदने वाले लोगों को भी मालिकाना हक देने के लिए नीति में संशोधन किया जाए। उनका कहना है कि जब मकान दशकों पहले आवंटित किए गए थे और बाद में वैध दस्तावेजों के आधार पर लोगों ने इन्हें खरीदा, तो मौजूदा निवासियों को अधिकारों से वंचित रखना उचित नहीं है।

विपक्षी दलों का आरोप है कि नगर निगम चुनाव से पहले मालिकाना हक देने की घोषणा तो कर दी गई, लेकिन इसका लाभ वास्तविक रूप से कितने परिवारों को मिलेगा, यह स्पष्ट नहीं किया गया। ऐसे में यह घोषणा हजारों लोगों के लिए राहत की जगह निराशा बनकर रह गई है।

सवाल यह भी है कि जब मकानों का बड़ा हिस्सा कई बार बिक चुका है तो केवल मूल आवंटियों को अधिकार देने से वर्षों से चले आ रहे संपत्ति विवाद कैसे समाप्त होंगे। प्रशासन के नियमों के तहत पात्र लोगों को फ्रीहोल्ड कराने के लिए कलेक्टर रेट के पांच प्रतिशत के बराबर राशि और बकाया लाइसेंस फीस जमा करनी होगी। पात्रता के लिए कम से कम सात साल के निर्धारित कब्जे की शर्त भी रखी गई है।

 पुनर्वास कॉलोनियों का बड़ा आंकड़ा

विवरण आंकड़ा
कुल पुनर्वास मकान 34,965
संभावित लाभार्थी मूल आवंटी करीब 22,000
पहले चरण में लाभ से बाहर खरीदार करीब 13,000
मूल आवंटी के अलावा रहने वाले (सर्वे के अनुसार) 80 प्रतिशत से अधिक

प्रमुख पुनर्वास कॉलोनियां: रामदरबार, बापूधाम, जनता कॉलोनी सेक्टर-25, धनास, मौलीजागरां, डड्डूमाजरा, इंदिरा कॉलोनी, मनीमाजरा, सेक्टर-52 और सेक्टर-56।

मालिकाना हक के लिए क्या हैं शर्तें?

  • मूल आवंटी, दर्ज सह-आवंटी और पात्र कानूनी उत्तराधिकारी ही आवेदन कर सकेंगे।
  • मकान पर निर्धारित कुल सात साल का कब्जा होना जरूरी है।
  • कलेक्टर रेट के पांच प्रतिशत के बराबर राशि जमा करनी होगी।
  • बकाया लाइसेंस फीस भी चुकानी होगी।
  • जीपीए और एग्रीमेंट के आधार पर बाद में मकान खरीदने वाले फिलहाल पात्र नहीं हैं।
  • अदालत में मामला लंबित होने, भवन उल्लंघन या अतिक्रमण मात्र से आवेदन करने की पात्रता समाप्त नहीं होगी।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।