विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

चंडीगढ़ से साफ-सुथरा है उज्जैन, निगम अफसरों पर उठे सवाल; डड्डूमाजरा डंपिंग ग्राउंड का कचरा हटाना बड़ी चुनौती

Published: Thu, 12 Nov 2026 02:33 PM (IST)

चंडीगढ़ ने स्वच्छ सर्वेक्षण में 3-10 लाख आबादी वाले शहरों की श्रेणी में दूसरा स्थान हासिल किया। उज्जैन पहले पायदान ...और पढ़ें

स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में चंडीगढ़ ने दूसरा स्थान हासिल किया। (सांकेतिक फोटो)

स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में चंडीगढ़ ने दूसरा स्थान हासिल किया। (सांकेतिक फोटो)

HighLights

  1. 3-10 लाख आबादी श्रेणी में चंडीगढ़ का दूसरा स्थान

  2. मध्यप्रदेश के उज्जैन ने पहला स्थान हासिल किया।

  3. दैनिक कचरा प्रबंधन और पृथक्करण चंडीगढ़ की बड़ी चुनौती।

जागरण संवाददाता, चंडीगढ़। स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में चंडीगढ़ ने एक बार फिर दूसरा स्थान हासिल किया है। हालांकि इस बार शहर को सुपर स्वच्छता लीग में नहीं, बल्कि तीन से दस लाख आबादी वाले शहरों की स्वच्छ शहर श्रेणी में दूसरा स्थान मिला है। पिछले स्वच्छ सर्वेक्षण 2024-25 में भी चंडीगढ़ इसी आबादी वर्ग की सुपर स्वच्छता लीग में नोएडा के बाद दूसरे स्थान पर रहा था।

इस बार नगर निगम को उम्मीद थी कि डड्डूमाजरा डंपिंग ग्राउंड से पुराने कचरे का बायोमाइनिंग के जरिये निस्तारण होने और सफाई व्यवस्था में सुधार के बाद शहर पहले पायदान पर पहुंचेगा, लेकिन मध्य प्रदेश के उज्जैन ने पहला स्थान हासिल कर लिया। तीसरे पर आंध्रप्रदेश का गुंटुर शहर रहा।

बुधवार को नई दिल्ली स्थित विज्ञान भवन में आयोजित समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने मेयर सौरभ जोशी और नगर निगम कमिश्नर अमित कुमार को सम्मान प्रदान किया। स्वच्छ सर्वेक्षण का यह दसवां संस्करण था। इस बार स्वच्छता की नई पहल-बढ़ाएं हाथ, करें सफाई साथ थीम के तहत देशभर के शहरी निकायों का मूल्यांकन किया गया।

चंडीगढ़ का दूसरे स्थान पर बने रहना उपलब्धि जरूर है, लेकिन पहले स्थान तक नहीं पहुंच पाना नगर निगम की सफाई और कचरा प्रबंधन व्यवस्था के लिए आत्ममंथन का विषय भी है।

चुनौती अब रोजाना निकलने वाला कचरा

डड्डूमाजरा डंपिंग ग्राउंड में वर्षों से जमा पुराने कचरे का निस्तारण चंडीगढ़ के लिए बड़ी चुनौती रहा है। नगर निगम ने बायोमाइनिंग के जरिये करीब 15 लाख मीट्रिक टन पुराने कचरे के तीन बड़े ढेरों को हटाने का दावा किया है। हालांकि पुराने कचरे का निस्तारण होने के बाद भी रोजाना निकलने वाले कचरे का प्रबंधन चुनौती बना हुआ है।

मिक्स कचरे का उठना अब भी बड़ी समस्या

शहर में घरों से निकलने वाले कचरे को स्रोत पर ही गीले और सूखे कचरे में अलग-अलग करने की व्यवस्था पूरी तरह सफल नहीं हो पाई है। चार डस्टबिन व्यवस्था अभी अपनाई नहीं जा सकी है।

स्वच्छ सर्वेक्षण 2024-25 के आंकड़ों के मुताबिक, चंडीगढ़ में डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण का स्तर 93 प्रतिशत था, लेकिन स्रोत पर कचरा पृथक्करण का आंकड़ा केवल 14 प्रतिशत रहा। इस बार भी इस पैमाने पर नुकसान हुआ।

रोजाना करीब 70 से 80 टन मिक्स कचरा डंपिंग ग्राउंड पहुंच रहा है। ऐसे में पुराने कचरे के ढेर हटने के बाद भी नए कचरे को अलग-अलग करने और उसका वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण करने की चुनौती बनी हुई है। नगर निगम को अब घरों से लेकर कलेक्शन प्वाइंट और प्रोसेसिंग प्लांट तक कचरे की अलग-अलग व्यवस्था सुनिश्चित करनी होगी।

43 मानकों पर मूल्यांकन, लोगों की प्रतिक्रिया अहम

इस बार स्वच्छ सर्वेक्षण में 4751 शहरों का 10 प्रमुख क्षेत्रों के 43 संकेतकों के आधार पर मूल्यांकन किया गया। इनमें कचरे का पृथक्करण, डोर-टू-डोर कलेक्शन, परिवहन, ठोस कचरा प्रबंधन, सार्वजनिक स्थानों की सफाई, स्वच्छता सुविधाएं, गंदे पानी का प्रबंधन, संस्थागत व्यवस्था, सफाई जागरूकता और सफाई कर्मचारियों का कल्याण शामिल रहा।

इस बार नागरिकों की प्रतिक्रिया और शिकायतों के समाधान पर भी विशेष जोर दिया गया। स्कूलों में व्यवहार परिवर्तन, खुले में शौच और पेशाब की रोकथाम तथा विरासत और पर्यटन स्थलों की सफाई को भी मूल्यांकन में शामिल किया गया।

 

चंडीगढ़ अब इंदौर जैसे शहरों की तरह अपनी टाप रैंकिंग को बरकरार रख रहा है। इस बार स्वच्छता लीग से आगे पूरे देश के स्वच्छ शहरों की श्रेणी में चंडीगढ़ को परखते हुए दूसरा स्थान मिला। चंडीगढ़ के कई वेस्ट प्लांट अभी पूरी तरह से काम नहीं कर रहे, जब सभी प्लांट अगले कुछ समय में चलने लगेंगे तो चंडीगढ़ पहले स्थान पर होगा। लगातार दूसरे स्थान पर बने रहने में शहर के नागरिकों का भी अहम रोल रहा। - सौरभ जोशी, मेयर, चंडीगढ़।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।