चंडीगढ़ पुलिस का रिजल्ट जारी, कांस्टेबल के 520 पदों के लिए ली थी लिखित परीक्षा
चंडीगढ़ पुलिस विभाग की ओर से 520 पदों पर भर्ती किए जाने वाले युवाओं का रिजल्ट घोषित कर दिया गया।
जेएनएन, चंडीगढ़। तीन साल से चल रही चंडीगढ़ पुलिस में कांस्टेबल भर्ती प्रक्रिया को पूरा कर लिया गया है। सोमवार को चंडीगढ़ पुलिस विभाग की ओर से 520 पदों पर भर्ती किए जाने वाले युवाओं का रिजल्ट घोषित कर दिया गया। जानकारी के अनुसार जरनल मेल कैंडिडेट्स कैटेगरी का कट ऑफ 74.25 रहा, जबकि इस कैटेगरी में सबसे अधिक 94 अंक हासिल किए गए हैं। ओबीसी मेल कैटेगरी का कट ऑफ 80.50 रहा। एससी मेल कैटेगरी का कट ऑफ 74.25 नंबर रहा। जरनल फीमेल कैटेगरी में कट ऑफ 72.50 रहा। कट ऑफ लिस्ट में 143 महिला कैंडिडेंट्स के नाम शामिल हैं। विभाग की ओर से सभी कैटेगरी की वेटिंग लिस्ट भी जारी की गई है। रिजल्ट चंडीगढ़ पुलिस की वेबसाइट पर जारी कर दिया गया है।
जनवरी में हो जाएगी ज्वाइनिंग
लिखित परीक्षा का रिजल्ट घोषित होने के बाद अब पुलिस विभाग चयनित कांस्टेबल को जनवरी महीने के भीतर ही ज्वाइनिंग करवाने के लिए प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। पुलिस अधिकारियों के अनुसार ज्वाइनिंग से पहले सभी कैंडिडेट्स के जरूरी प्रमाण पत्रों की वेरिफिकेशन की जाएगी। 15 जनवरी तक वेरिफिकेशन प्रक्रिया पूरी करने के बाद ज्वाइन करवाया जाएगा।
दो लाख चालीस हजार ने किया था आवेदन
चंडीगढ़ पुलिस विभाग ने दिसंबर 2015 में 520 यूटी कांस्टेबल भर्ती की पोस्टें निकाली थी। जिसमें देश के अलग-अलग राज्यों से 2 लाख 40 हजार लोगों ने आवेदन किया था। फिजिकल और मेडिकल होने के बाद करीब 36 हजार कैंडिडेंट्स लिखित परीक्षा के लिए अपीयर हुए थे। ऑनलाइन प्राइवेट कंपनी से अलग-अलग केंद्रों पर परीक्षा करवाने के बाद सोमवार को लिस्ट जारी कर दी गई। पहली बार पेपरलेस, डोप टेस्ट और बिना इंटरव्यू भर्ती प्रक्रिया पूरी की गई है।