विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

चंडीगढ़ पुलिस लाइन में बड़ा खेल! कागजाें में ड्यूटी दिखाकर मारी जा रही फरलो; कोई खेती संभाल रहा तो कोई कारोबार

Published: Tue, 24 Nov 2026 07:10 AM (IST)

चंडीगढ़ पुलिस लाइन में मुलाजिमों पर कागजों में ड्यूटी दिखाकर 'फरलो' मारने का आरोप है, जिससे कुल 654 की स्ट्रेंथ में से 300 भी ड्यूटी पर नहीं पहुंच रहे। कुछ पुलिसकर्मी खेती या कारोबार संभाल रहे हैं।

चंडीगढ़ पुलिस लाइन में मुलाजिमों की ड्यूटी को लेकर फरलो के आरोप। (एआई जनरेटेड इमेज)

चंडीगढ़ पुलिस लाइन में मुलाजिमों की ड्यूटी को लेकर फरलो के आरोप। (एआई जनरेटेड इमेज)

HighLights

  1. चंडीगढ़ पुलिस लाइन में ड्यूटी पर 'फरलो' के आरोप।

  2. 654 की स्ट्रेंथ पर 300 भी नहीं पहुंच रहे ड्यूटी।

  3. मुलाजिमों पर खेती-कारोबार संभालने का आरोप।

संदीप खत्री, चंडीगढ़। चंडीगढ़ पुलिस लाइन में मुलाजिमों की ड्यूटी को लेकर फरलो के आरोप लगे हैं। यहां कुल स्ट्रेंथ करीब 654 है, लेकिन सूत्रों के मुताबिक रोजाना ड्यूटी पर पहुंचने वालों की संख्या 300 भी नहीं है।

आरोप है कि कुछ पुलिसकर्मी चिट्ठा मुंशी और मुंशी के साथ सेटिंग कर ड्यूटी से गैरहाजिर रह रहे हैं, जबकि सरकारी रिकाॅर्ड और रोस्टर में उनकी ड्यूटी नियमित दिखाई जा रही है। सूत्रों के मुताबिक यह खेल करीब छह महीने से चल रहा है।

सूत्रों का दावा है कि कुछ मुलाजिम गांव में खेती कर रहे हैं तो कुछ अपना कारोबार संभाल रहे हैं। कुछ घर पर रहते हैं, जबकि कागजों में उनकी ड्यूटी लगाई जाती है। इनमें ऐसे पुलिसकर्मी भी बताए जा रहे हैं जिनके पति-पत्नी दोनों चंडीगढ़ पुलिस में तैनात हैं।

आरोप है कि एक ड्यूटी करता है और दूसरे को फरलो मिल जाती है। मामले में पुलिस लाइन के एक अधिकारी, चिट्ठा मुंशी और मुंशी की भूमिका पर भी सवाल उठे हैं। इन आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

नियमित ड्यूटी करने वाले मुलाजिमों पर बढ़ता बोझ

सूत्रों के मुताबिक, गैरहाजिरी के चलते उपलब्ध पुलिसकर्मियों को अतिरिक्त जिम्मेदारियां संभालनी पड़ती हैं और कई बार डबल ड्यूटी करनी होती है। इससे नियमित ड्यूटी करने वालों पर काम का बोझ बढ़ रहा है।

पुलिस लाइन में 14 इंस्पेक्टर, 32 सब इंस्पेक्टर, 112 एएसआई, 95 हेड काॅन्स्टेबल, 343 काॅन्स्टेबल और महिला काॅन्स्टेबल, 28 टियर गैस स्टाफ और 30 बैंड स्टाफ हैं। कुल संख्या करीब 654 है।

एक अधिकारी के मुताबिक, इस स्ट्रेंथ में बैंड स्टाफ, टियर गैस, पीएसओ और गार्ड की ड्यूटी भी शामिल है। सूत्रों के अनुसार 70 से 90 मुलाजिम पीएसओ ड्यूटी पर तैनात रहते हैं। इनमें मेडिकल स्टाफ और धमकी के बाद सुरक्षा पाए लोगों के साथ लगाए गए मुलाजिम शामिल हैं। जरूरत पड़ने पर बैंड और टियर गैस स्टाफ से भी जनरल ड्यूटी कराई जाती है।

कार्यप्रणाली पर सवाल

2017 में आईआरबी और पीसीआर में भी ऐसा मामला सामने आया था। उस समय कई पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई हुई थी। अब पुलिस लाइन में लगे आरोपों ने विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए हैं।

सूत्रों का कहना है कि पिछले छह महीने के ड्यूटी रोस्टर, हाजिरी रजिस्टर और सीसीटीवी फुटेज की जांच से वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकती है। ड्यूटी की जगह और मुलाजिमों की मौजूदगी का मिलान काॅल डिटेल से भी किया जा सकता है।

 

मामले की जांच करवाई जाएगी। पुलिस लाइन के एक अधिकारी ने बताया कि कुल स्ट्रेंथ में कई तरह की ड्यूटियां शामिल हैं और पूरा ब्रेकअप साझा किया जाएगा।- पुष्पेंद्र कुमार, आईजी, चंडीगढ़

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।