यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 07, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
चंडीगढ़ में पुलिस कर्मियों की सैलरी में 1.1 करोड़ रुपये का घोटाला, अब मास्टरमाइंड हेड कांस्टेबल खोलेगा राज
चंडीगढ़ सैलरी स्कैम की जांच में पता चला कि 200 से अधिक पुलिसकर्मियों के खाते में ज्यादा वेतन डाला गया ...और पढ़ें

वैभव शर्मा, चंडीगढ। गत शनिवार को पुलिस विभाग में करोड़ों रुपये का स्कैम करने वाले आरोपित हेड कांस्टेबल नरेश कुमार ने आत्मसर्पण कर दिया था। पुलिस ने कोर्ट से उसका छह दिनों का रिमांड प्राप्त किया है। छह दिनों की पूछताछ में पुलिस को उम्मीद है कि सैलरी स्कैम में बड़े खुलासे हो सकते है। पुलिस सुत्राें के अनुसार करीब 2 साल पहले चंडीगढ़ पुलिस विभाग में करोड़ों रुपये की सैलरी घोटाला करने वाले आरोपित हेड कांस्टेबल नरेश कुमार के साथ पुलिस विभाग के और लोग भी इसमें शामिल हो सकते हैं। उससे पूछताछ में ऐसे कई अहम खुलासे हो सकते हैं। आरोपित नरेश ने शनिवार को डिस्ट्रिक्ट कोर्ट में सरेंडर कर दिया था। वह दो महीने से फरार चल रहा था।
दाे साल पहले पुलिस को शिकायत मिली थी कि मुलाजिमों के खाते में ज्यादा रुपये डालकर घोटाला किया जा रहा है। इसके बाद दिसंबर, 2019 में पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और कंप्ट्रोलर ऑडिटर जनरल (कैग) से ऑडिट की मांग की। ऑडिट रिपोर्ट में पता चला कि साढ़े तीन साल में 1.1 करोड़ रुपये का घोटाला किया गया है।इसके बाद मामले में एसआइटी गठित की गई और केस क्राइम ब्रांच को सौंप दिया गया था। जांच में पता चला कि 200 से अधिक पुलिसकर्मियों के खाते में ज्यादा वेतन डाला गया था। इसी साल सितंबर में पुलिस ने जूनियर असिस्टेंट बलविंदर कुमार और होम गार्ड वालंटियर सुरजीत सिंह को गिरफ्तार किया था।
पुलिस अब नरेश के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति की भी जांच कर रही है। जिस समय ये घोटाला हुआ था तब नरेश पुलिस डिपार्टमेंट के अकाउंट्स ब्रांच में पोस्टेड था। नरेश के खिलाफ जांच में पुलिस को पता चला है कि इनकम टैक्स रिटर्न्स में उसने अपनी और पत्नी की सालाना आय 45 लाख रुपये बताई थी लेकिन उसने डेढ़ करोड़ रुपये की इन्वेस्टमेंट कर रखी थी। इतना ही नहीं, उसने 23 लाख रुपये का लोन लिया था जोकि उसने महज 2 साल में ही चुका दिया था और वो भी कैश में। पुलिस ने ये खुलासा नरेश की अग्रिम जमानत याचिका में दिए जवाब में किया था।
पुलिस को उम्मीद है कि अब आने वाले दिनों में नरेश से कई ओर सवालों का जवाब भी पूछेगी।इन सवालों में सबसे महत्वपूर्ण सवाल होगा कि इस स्कैम में उसके साथ और कौन कौन शामिल था।इसके अलावा इस बात की भी तबदीश की जाएगी कि इस स्कैम में किसी पुलिस अधिकारी का तो हाथ नहीं है।
