विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'पुलिसकर्मियों के बेटों को बचा रही चंडीगढ़ पुलिस, CBI करे जांच...'; वकील पर हमले के केस में हाईकोर्ट का आदेश

Published: Fri, 27 Nov 2026 08:00 PM (IST)

पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट ने चंडीगढ़ पुलिस की भूमिका पर सवाल उठाते हुए एक अधिवक्ता पर हुए हमले की जांच सीबीआई को सौंप दी है। अदालत ने कहा कि पुलिस ने अपने कर्मचारियों के बेटों का पक्ष लिया और निष्पक्ष जांच को लेकर आशंका जताई।

वकील के साथ मारपीट केस में हाईकोर्ट सख्त। (सांकेतिक फोटो)

वकील के साथ मारपीट केस में हाईकोर्ट सख्त। (सांकेतिक फोटो)

HighLights

  1. पहले जमानत का विरोध, बाद में गंभीर धारा हटाई

  2. पुलिस ने एक ही मेडिकल रिपोर्ट को बनाया आधार।

  3. जिम में दो जुलाई 2026 को हुई थी मारपीट।

राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। चंडीगढ़ के एक अधिवक्ता से मारपीट के मामले में पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट ने पुलिस की भूमिका पर गंभीर सवाल उठाए हैं। अदालत ने कहा कि चंडीगढ़ पुलिस ने अपने कर्मचारियों के बेटों का पक्ष लिया। निष्पक्ष जांच को लेकर आशंका जताते हुए अदालत ने मामले की जांच केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) को सौंप दी।

सेक्टर-46 के एक जिम में दो जुलाई 2026 को हुई मारपीट में शुभम ने हितेश और निखिल पर हमला करने तथा सीमेंट की टाइल से सिर पर वार करने का आरोप लगाया। दोनों आरोपी चंडीगढ़ पुलिसकर्मियों के बेटे हैं। शुभम के अनुसार, एक जुलाई की रात सेक्टर-47 में घर के पास टहलते समय हितेश ने उन पर वीडियो बनाने का शक जताया और गाली-गलौज कर जिम में मिलने की धमकी दी।

अगले दिन शुभम अपने भाई संजय के साथ जिम पहुंचे, जहां हितेश और निखिल ने उन्हें सीढ़ियों पर घेरकर पीटा। टाइल से शुभम के सिर और माथे पर वार किए गए तथा संजय के साथ भी मारपीट हुई। सेक्टर-45 के नागरिक अस्पताल में शुभम की जांच के दौरान सात चोटें दर्ज की गईं।

तुरंत एफआईआर दर्ज नहीं की

शिकायत के बावजूद पुलिस ने तुरंत एफआईआर दर्ज नहीं की। जिला बार एसोसिएशन के सदस्यों के हस्तक्षेप के बाद आठ जुलाई को मामला दर्ज हुआ। निखिल की अग्रिम जमानत याचिका सत्र न्यायालय, हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट ने खारिज कर दी थी। जिम की सीसीटीवी फुटेज देखने के बाद हाईकोर्ट ने मारपीट में उसकी सक्रिय भूमिका पाई।

पुलिस ने भी जमानत का विरोध करते हुए मेडिकल रिपोर्ट और अन्य साक्ष्य पेश किए थे। हालांकि, सुप्रीम कोर्ट से जमानत खारिज होने के बाद पुलिस ने उसी मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 118(1) हटा दी। बाद में दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर पुलिस जमानत पर छोड़ दिया गया।

अदालत ने कहा कि पुलिस की कार्रवाई से सहकर्मियों के बेटों का समर्थन करने की बात स्पष्ट होती है। उसने कहा कि न्याय केवल होना नहीं, होता हुआ दिखाई भी देना चाहिए।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।