पत्रकार, प्रापर्टी डीलर के बाद एक और आरोपित चढ़ा पुलिस के हत्थे, जानें पूरा मामला
पुलिस ने सेक्टर-37 की एक मकान को धोखाधडी से हड़पने पर चंडीगढ़ से प्रकाशित एक पत्रकार संजीव महाजन को एक अन्य व्यक्ति के साथ कल गिरफ्तार किया था। इस मामले में बड़े लोग शामिल ही। सिंगला उत्तर भारत का बड़ा शराब का ठेकेदार है।
चंडीगढ़, जेएनएन। पत्रकार, प्रापर्टी डीलर के बाद अब शराब ठेकेदार अरविंद सिंगला काे चंडीगढ़ पुलिस ने बुधवार काे जीरकपुर से दबोचा है। हालांकि पुलिस अभी इसकी पुष्टि नहीं कर रही है। सेक्टर-37 में कोठी कब्जा कर फर्जी दस्तावेज बनवाकर बेचने, मालिक को बंधक बनाकर राजस्थान के भरतपुर स्थित एक आश्रम में रखने के मामले में पुलिस ने देर रात चंडीगढ़, पंजाब और हरियाणा के अलग-अलग 11 जगहों पर रेड की थी। पुलिस ने सेक्टर-37 की एक मकान को धोखाधडी से हड़पने पर चंडीगढ़ से एक पत्रकार संजीव महाजन को एक अन्य व्यक्ति के साथ मंगलवार काे गिरफ्तार किया था। इस मामले में बड़े लोग शामिल हैं।
31 मई की रात भाई की कोठी पर फायरिंग, करीब 500 ठेके कर रहा संचालित
31 मई 2020 की रात कार में सवार होकर आए चार से पांच बदमाशों ने शराब के बड़े कारोबारी अरविंद सिंगला के भाई राकेश सिंगला की कोठी के बाहर ताबड़तोड़ गोलियां बरसाकर दहशत फैला दी थी। कोठी पर तैनात सिक्योरिटी गार्ड ने छिपकर अपनी जान बचाई थी। बदमाशों ने गाड़ी, गेट और घर की खिड़कियों पर कुल 17 राउंड फायरिंग की थी।
जानकारी के अनुसार राकेश सिंगला सेक्टर-33 स्थित कोठी नंबर 1378 में रहते हैं। करीब 500 गज की दूरी पर उनके छोटे भाई अरविंद सिंगला रहते हैं। अरविंद सिंगला पंजाब, चंडीगढ़ के बड़े शराब कारोबारी हैं। उनके नवांशहर, अमृतसर, जालंधर, रोपड़, लुधियाना और चंडीगढ़ में शराब के करीब 500 ठेके हैं।