ट्राईसिटी में बुलेट चोरी करने वाले गैंग का बदमाश गिरफ्तार, पंजाब का रहने वाला है आरोपित, 8 बाइक बरामद
Chandigarh Crime News चंडीगढ़ समेत मोहाली और पंचकूला में बाइक चोरी करने वाले गैंग के एक बदमाश को चंडीगढ़ पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपित पंजाब का रहने वाला है। गैंग के दो और बदमाशों को पुलिस ढूंढ रही है।
जागरण संवाददाता, चंडीगढ़। ट्राईसिटी (चंडीगढ़, पंचकूला, मोहाली) में बुलेट मोटरसाइकिल चोरी करने वाले गिरोह के एक सदस्य को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपित की पहचान पंजाब के जिला तरनतारण के गांव खेमकरण निवासी समंदर सिंह के तौर पर हुई है। आरोपित की निशानदेही पर पुलिस ने अलग-अलग जगह से चोरी आठ बुलेट मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस आरोपित से पूछताछ करने में लगी है। सूत्रों के अनुसार इस मामले पर सेक्टर-36 थाना पुलिस प्रेस कांफ्रेंस कर विस्तार में जानकारी दे सकती है।
जानकारी के अनुसार आरोपित गिरोह के दो मुख्य सदस्यों की पुलिस को तलाश है। इसमें पंजाब के रहने वाले सुखप्रीत सिंह और अमृतपाल सिंह का नाम शामिल हैं। दोनों आरोपितों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस को चोरी की और भी बुलेट बाइक बरामद होने की अंदेशा है। पुलिस गिरफ्तार आरोपित समंदर से दोनों आरोपितों के बारे में पूछताछ कर रही है।
दरअसल, साउथ डिविजन में बाइक और बुलेट चोरी की वारदात बढ़ने की शिकायत लगातार आ रही थी। इस पर सेक्टर-36 थाना प्रभारी जसपाल भुल्लर से सुपरविजन में एक टीम बनाई गई। पुलिस टीम ने एरिया में सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगाला, जिससे आरोपितों की पहचान हुई। इसके बाद टीम ने आरोपितों की तलाश शुरू की थी।
गुप्त सूचना के आधार पर आरोपित समंदर सिंह को पुलिस की टीम ने दबोचा है। आरोपित की निशानदेही पर बरामद बुलेट से चार मामले सेक्टर-39 थाना एरिया के की साल्व हुए हैं। जबकि सेक्टर-39 थाना समेत अन्य थानों के मामले भी सुलझाने का दावा पुलिस कर रही है। पुलिस का दावा है कि मुख्य आरोपितों की गिरफ्तारी के बाद मोहाली समेत पंजाब के अन्य जिलो में बुलेट चोरी के मामलों को सुलझाया जा सकता है।