3 करोड़ से सवरेंगे चंडीगढ़ के पार्क, VIP सेक्टरों जैसी मिलेंगी सुविधाएं
चंडीगढ़ के सेक्टर-45 और 46 के पार्कों को 3 करोड़ रुपये की लागत से संवारा जाएगा, जिसमें वीआईपी सेक्टरों की तर्ज पर आकर्षक टोपियरी आकृतियां लगाई जाएंगी।

3 करोड़ रुपये के विकास कार्यों से सुधरेगी पार्कों की सूरत।
HighLights
सेक्टर 45 और 46 के पार्कों का नवीनीकरण होगा
3 करोड़ रुपये से लगेंगे आकर्षक टोपियरी आकृतियां
पार्कों में ओपन जिम और जॉगिंग ट्रैक बनेंगे
जागरण संवाददाता, चंडीगढ़। चंडीगढ़ नगर निगम के वार्ड नंबर 34 के अधीन पड़ते सेक्टर-45 व 46 के पार्कों की सुंदरता बढ़ाने के लिए अब इनमें आकर्षक पशु आकृतियों वाली टोपियरी लगाई जाएंगी।
रविवार को वार्ड-34 के पार्षद गुरप्रीत सिंह गाबी ने आरडब्ल्यूए प्रतिनिधियों, वार्ड के वरिष्ठ नागरिकों और नारी शक्ति के सदस्यों के हाथों सेक्टर-45 ए में मकान नंबर 127 के सामने स्थित पार्क से विधिवत रूप से टोपियरी लगाने के कार्य का शुभारंभ किया गया।
सेक्टर-45 व 46 के पार्कों का होगा नवीनीकरण
गुरप्रीत सिंह गाबी ने बताया कि सेक्टर-45 व 46 के विभिन्न पार्कों में टोपियरी आकृतियां लगाई जाएंगी, जिससे पार्कों को नया रूप मिलेगा और उनकी सुंदरता में इजाफा होगा। उन्होंने कहा कि अभी तक वार्ड के इन पार्कों में इस तरह की पशु आकृतियां नहीं लगाई गई थीं।
आमतौर पर टोपियरी का इस्तेमाल वीआईपी सेक्टरों, बड़े पार्कों और ग्रीन बेल्ट में किया जाता रहा है, लेकिन अब सेक्टर-45 व 46 के पार्कों में भी लोग इनकी सुंदरता का आनंद ले सकेंगे।
पार्क में बनेगा जिम होगी साज-सज्जा
उन्होंने कहा कि टोपियरी खासकर बच्चों को आकर्षित करती हैं और पार्कों में सेल्फी प्वाइंट के रूप में भी लोगों को पसंद आती हैं। पार्कों में घूमने, व्यायाम और जॉगिंग के लिए आने वाले लोगों के लिए भी ये आकर्षण का केंद्र बनेंगी।
गाबी ने बताया कि सेक्टर-45 व 46 के पार्कों की साज-सज्जा और सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए करीब तीन करोड़ रुपये के विकास कार्य करवाए जा रहे हैं। इन कार्यों का उद्देश्य पार्कों में आने वाले वॉकर, जिम करने वालों और जॉगिंग करने वालों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाना है।
मनोरंजन के साथ रहेंगे फिट भी
उन्होंने बताया कि सेक्टर-46सी के श्रब गार्डन में नया जॉगिंग ट्रैक बनाया जा रहा है। इसके अलावा अलग-अलग प्रकार के ओपन जिम उपकरण और झूले भी लगाए जाएंगे, ताकि लोगों को मनोरंजन के साथ-साथ शारीरिक रूप से भी चुस्त-दुरुस्त रहने की सुविधाएं मिल सकें।
इस अवसर पर वार्डवासी एम.एल. कालरा, सुखविंदर सिंह, वनीत गर्ग, सुखपाल कौर, सी.एस. भसीन, श्रीमती कांता जिंदल, श्रीमती कालरा, मुक्ता मणि, गुरशरण भसीन, पंकज गुप्ता, तरक्की लाल बहल, राजीव मित्तल सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
यह भी पढ़ें- वीकेंड पर अमृतसर में धूम: शुरू हुआ पंजाब सखी शक्ति मेला, कंवर ग्रेवाल बिखेरेंगे जलवा; क्या है एंट्री फीस और टाइमिंग?
