वीकेंड पर अमृतसर में धूम: शुरू हुआ पंजाब सखी शक्ति मेला, कंवर ग्रेवाल बिखेरेंगे जलवा; क्या है एंट्री फीस और टाइमिंग?
अमृतसर में महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने हेतु पंजाब सखी शक्ति मेले का शुभारंभ हुआ है। यह तीन ...और पढ़ें
-1790432202505_m.webp)
अमृतसर में शुरू हुआ पंजाब सखी शक्ति मेला। फोटो जागरण
HighLights
महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त व आत्मनिर्भर बनाने का लक्ष्य।
महिला उद्यमियों के हस्तनिर्मित उत्पादों को मिलेगा प्रोत्साहन और बाजार।
मेले में सांस्कृतिक कार्यक्रम, मनोरंजन और सरकारी योजनाओं की जानकारी।
हरदीप रंधावा, अमृतसर। जिला प्रशासन अमृतसर द्वारा महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त व आत्मनिर्भर बनाने के मकसद से पंजाब सखी शक्ति मेले का शनिवार को आगाज हुआ है, जिसमें पहले दिन गायक कंवर ग्रेवाल अपनी पेशकारी देकर शहरवासियों का मनोरंजन करेंगे।
रंजीत एवेन्यू स्थित दशहरा ग्राउंड में आयोजित होने वाला मेला 28 सितंबर तक लगातार जारी रहेगा, जिसमें सुबह 9 बजे से लेकर रात 10 बजे तक लोग आकर मेले का आनंद ले सकेंगे। पंजाब राज्य देहाती आजीविका मिशन के विशेष आह्लान पर तीन दिवसीय मेला आयोजित करवाया जा रहा है, जिसमें अंतिम दिन मंडेर ब्रदर्स अपनी कलाकारी का प्रदर्शन करेंगे।
महिला उद्यमियों के उत्पादों को प्रोत्साहित करें
एडिशनल डिप्टी कमिश्नर (एडीसी) रूरल डेवलपमेंट (आरडी) पल्लवी मिश्रा ने बताया कि मेले को आकर्षक ही नहीं बल्कि मनोरंजक बनाने के लिए विशेष प्रबंध किए गए हैं। मेले में महिला उद्यमियों सहित स्वयं सहायता समूहों के साथ हुनरमंद महिलाओं द्वारा तैयार किए गए हस्तनिर्मित उत्पाद, हस्तशिल्प, कपड़े, सजावटी सामान, खाद्य पदार्थ तथा अन्य घरेलू उत्पाद प्रदर्शित एवं बिक्री के लिए उपलब्ध होंगे।
इससे महिलाओं को अपने उत्पादों की मार्केटिंग करने और नए ग्राहकों से सीधे जुड़ने का अवसर मिलेगा। मेले में महिलाओं को सरकार की विभिन्न स्वरोजगार, कौशल विकास और कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी मिलेगी। साथ ही मार्केटिंग, ब्रांडिंग व वित्तीय सहायता संबंधी जानकारी उपलब्ध करवाई जाएगी। मेले में विभिन्न स्कूलों के विद्यार्थी भी अपनी कला व प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
बच्चों के लिए विभिन्न प्रकार के झूले एवं मनोरंजन गतिविधियों के साथ-साथ विभिन्न खान-पान के स्टाल भी लगाए जाएंगे। पल्लवी मिश्रा ने जिले के लोगों से अपील की है कि वे अपने परिवार के साथ पंजाब सखी शक्ति मेले में पहुंचकर सांस्कृतिक कार्यक्रमों व अन्य गतिविधियों का आनंद लें। महिला उद्यमियों के उत्पादों को प्रोत्साहित भी करें।
पार्किंग की भी व्यवस्था
पंजाब राज्य देहाती आजीविका मिशन के डिस्ट्रिक्ट प्रोग्राम मैनेजर ने बताया कि मेले में आने वाले लोगों को लिए वाहनों की पार्किंग के तहत 30 टू व्हीलर व 50 फोर व्हीलर की फीस निर्धारित की गई है। जबकि मेले को देखने के लिए ग्राउंड में दाखिला फीस 30 रुपए रखी गई है।
सात साल की ज्यादा आयु वाले बच्चों की भी टिकट खरीदनी पड़ेगी। उससे छोटे बच्चों का दाखिला बिल्कुल मुफ्त होगा।
