100 लीटर ईंधन के प्रस्ताव पर किरकिरी, मनोनीत पार्षद ने कहा, नहीं चाहिए निजी वाहनों के लिए तेल
पिछले दिनों नगर निगम सदन की बैठक में हर माह 100-100 लीटर तेल देने का प्रस्ताव पास किया है। प्रस्ताव पास होने के बाद पार्षदों की शहरवासियों के बीच किरकिरी हो रही है।
चंडीगढ़ [राजेश ढल्ल]। नगर निगम ने हाल ही में हुई सदन की बैठक में यह फैसला लिया है कि हर पार्षद को उनके निजी वाहनों के लिए 100-100 लीटर डीजल एवं पेट्रोल मिलना चाहिए। इस प्रस्ताव पर प्रशासन की मुहर लगनी बाकी है। दूसरी ओर प्रस्ताव पर जनता के बीच किरकिरी होने के बाद मनोनीत पार्षद चरणजीव सिंह इसके विरोध में आ गए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया है कि उन्हें अपने निजी वाहन के लिए नगर निगम की ओर से तेल नहीं चाहिए। उनका कहना है कि अगर प्रशासन इस प्रस्ताव पर अपनी मंजूरी दे भी देता है तो भी वह 100 लीटर तेल की राशि नगर निगम से नहीं लेंगे।
चरणजीव सिंह का कहना है कि वह नगर निगम के पार्षद समाजसेवा करने के लिए हैं। ऐसे में उन्हें अपने निजी वाहन के लिए ईधन नहीं लेना चाहिए। मालूम हो कि सदन की बैठक में हर माह 100-100 लीटर तेल देने का प्रस्ताव पास किया है। प्रस्ताव पास होने के बाद पार्षदों की शहरवासियों के बीच किरकिरी हो रही है। लोगों को मानना है कि निजी वाहन के लिए पार्षदों को तेल नहीं दिया जाना चाहिए।
बता दें कि मनोनीत पार्षद चरणजीव सिंह व्यापार मंडल के चेयरमैन भी हैं। वह नगर निगम के पार्षद के तौर पर मिलने वाले सरकारी मोबाइल फोन और लैपटॉप लेेने से भी इन्कार कर चुके हैं।
हरियाणा की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
पंजाब की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें