देर रात तक म्यूजिक सिस्टम या जनरेटर चलाया तो एक लाख तक जुर्माना, चंडीगढ़ में लागू हो सकते हैं कड़े नियम
चंडीगढ़ में अब ध्वनि प्रदूषण फैलाने पर 1,000 से 1 लाख रुपये तक का भारी जुर्माना लग सकता है। चंडीगढ़ ...और पढ़ें

ध्वनि प्रदूषण को रोकने के लिए चंडीगढ़ में लागू किए जा सकते हैं कड़े नियम। (एआई जनरेटेड फोटो)
HighLights
साइलेंस जोन में उल्लंघन पर अधिक सख्ती।
नए पर्यावरणीय मुआवजे का प्रस्ताव तैयार।
17 नवंबर को होने वाली बैठक में होगा विचार।
राजेश ढल्ल, चंडीगढ़। चंडीगढ़ में अब तेज आवाज में डीजे बजाना, देर रात जनरेटर चलाना और तय सीमा से अधिक शोर करने वाले पटाखे चलाने पर एक हजार से एक लाख रुपये तक का जुर्माना लग सकता है।
पहली बार ध्वनि प्रदूषण फैलाने वालों पर पर्यावरणीय मुआवजा (ईसी) लगाने की तैयारी की जा रही है। चंडीगढ़ प्रदूषण नियंत्रण समिति (सीपीसीसी) ने इस संबंध में प्रस्ताव तैयार कर अपनी गवर्निंग बॉडी के समक्ष रखा है।
17 नवंबर को होने वाली बैठक में इस पर विचार किया जाएगा। मंजूरी मिलने के बाद शहर में ध्वनि प्रदूषण के मामलों में जुर्माने की नई व्यवस्था लागू करने का रास्ता साफ हो जाएगा।
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के दिशा-निर्देशों के आधार पर तैयार इस प्रस्ताव में आवासीय, व्यावसायिक, मिश्रित उपयोग और साइलेंस जोन के लिए अलग-अलग जुर्माना निर्धारित किया गया है। अस्पतालों, शिक्षण संस्थानों और अदालतों के आसपास घोषित साइलेंस जोन में नियमों का उल्लंघन करने वालों पर अधिक सख्ती की जाएगी।
डीजे और जनरेटर चलाने पर भी लगेगी पेनल्टी
प्रस्ताव के अनुसार, बिना पूर्व अनुमति लाउडस्पीकर या पब्लिक एड्रेस सिस्टम चलाने पर 10 हजार रुपये का जुर्माना लगाया जा सकता है। एक हजार केवीए से अधिक क्षमता वाले डीजल जनरेटर सेट पर एक लाख रुपये भरना पड़ सकता है।
इसके अलावा 62.5 से एक हजार केवीए तक के जनरेटर पर 25 हजार रुपये और 62.5 केवीए तक के जनरेटर पर 10 हजार रुपये जुर्माना प्रस्तावित है। तय ध्वनि मानकों का उल्लंघन करने वाले निर्माण उपकरणों पर 50 हजार रुपये की पेनल्टी लग सकती है।
बरात और धार्मिक आयोजनों में शोर करना पड़ेगा महंगा
आवासीय और व्यावसायिक क्षेत्रों में निर्धारित सीमा से अधिक शोर करने वाले पटाखे चलाने पर प्रत्येक उल्लंघन के लिए एक हजार रुपये और साइलेंस जोन में पटाखे चलाने पर तीन हजार रुपये जुर्माना प्रस्तावित है।
बरात, रैली, जुलूस और धार्मिक आयोजनों में ध्वनि प्रदूषण फैलाने पर 10 हजार रुपये तथा साइलेंस जोन में ऐसा करने पर 20 हजार रुपये का पर्यावरणीय मुआवजा लगाया जा सकेगा।
बार-बार नियम तोड़े तो बढ़ता जाएगा जुर्माना
आरडब्ल्यूए, सार्वजनिक स्थलों, विवाह समारोहों और संस्थागत आयोजनों में ध्वनि प्रदूषण के मामलों में बार-बार नियम तोड़ने पर जुर्माना बढ़ता जाएगा। पहली बार उल्लंघन पर 20 हजार रुपये, दूसरी बार 40 हजार रुपये और तीसरी या उसके बाद की बार एक लाख रुपये तक की पेनल्टी लगाने का प्रस्ताव है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।