Chandigarh: न्यू ईयर रहेगा शहरवासियों के लिए खास, पर्यटन विभाग करेगा विशेष सेलिब्रेशन
Chandigarh शहरवासियों के लिए इस बार नव वर्ष खास होगा। पहली बार चंडीगढ़ पर्यटन विभाग शहर के पर्यटन स्थलों पर विशेष म्यूजिकल ईवेंट आयोजित करने जा रहा है। संगीतिक कार्यक्रम में बालीवुड सिंगरों से लेकर पंजाब हरियाणा उत्तराखंड सहित उत्तर भारत के विभिन्न प्रदेशों के लोक कलाकारों को बुलाया जाएगा।
चंडीगढ़, जागरण संवाददाता: नव वर्ष इस बार शहरवासियों के लिए खास होगा। पहली बार चंडीगढ़ पर्यटन विभाग शहर के पर्यटन स्थलों पर विशेष म्यूजिकल ईवेंट आयोजित करने जा रहा है। संगीतिक कार्यक्रम में शहरवासियों का मनोरंजन करने के लिए बालीवुड सिंगरों से लेकर पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड सहित उत्तर भारत के विभिन्न प्रदेशों के लोक कलाकारों को बुलाया जाएगा।
शहरवासियों का सेलिब्रेशन के प्रति लगाव देखकर पर्यटन विभाग ने पहली बार नए साल का जश्न मनाने का निर्णय लिया है। सेलिब्रेशन कार्यक्रम पांच से सात दिन का रहेगा, जो सुखना लेक, राक गार्डन, लैजर वैली सेक्टर-10, सेक्टर-17 प्लाजा और परेड़ ग्राउंड़ सहित न्यू लेक सेक्टर-42 पर होगा। सभी कार्यक्रमों में शहरवासी आसानी से जाकर अपनों के साथ मिलकर सेलिब्रेशन कर सकेंगे।
लोगों के लाइफस्टाइल और पसंद का रखा जाएगा ध्यान
पर्यटन विभाग के निदेशक हरगुनजीत कौर ने बताया कि न्यू ईयर सेलिब्रेशन की प्लानिंग शुरू कर दी है। चार दिसंबर को चंडीगढ़ कार्निवल खत्म होने के बाद इसकी तैयारी पर जोर दिया जाएगा। शहर में उत्तर भारत सहित देश के विभिन्न प्रदेशों के लोग रह रहे हैं।
दूसरे प्रदेशों के लोकगायकों से बात करके उन्हें फाइनल किया जाएगा। कार्यक्रम शहरवासियों के लाइफस्टाइल और उनकी पसंद के अनुसार रखे जाएंगे, ताकि वर्ष 2022 का अंत और नए वर्ष का स्वागत हमेशा यादों में जिंदा रहे। हरगुनजीत ने बताया कि शहर के कुछ ही लोग विभिन्न क्लबों में पहुंचकर या फिर निजी पार्टी आयोजित करके नए साल का स्वागत करते हैं, लेकिन इस बार चंडीगढ़ प्रशासन का प्रयास है कि सेलिब्रेशन का मौका हर शहरवासी को दिया जाएगा।