विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

चंडीगढ़ में सुरक्षा को लेकर प्रशासन सख्त, 60 दिन लागू रहेंगे 6 बड़े आदेश; नाइट शिफ्ट में महिला सुरक्षा के कड़े नियम

Published: Sat, 14 Nov 2026 07:25 PM (IST)

चंडीगढ़ प्रशासन ने शहर में कानून-व्यवस्था और नागरिक सुरक्षा मजबूत करने के लिए 60 दिन के लिए छह बड़े आदेश ...और पढ़ें

चंडीगढ़ में कानून-व्यवस्था और नागरिक सुरक्षा को मजबूत करने पर फोकस। (सांकेतिक फोटो)

चंडीगढ़ में कानून-व्यवस्था और नागरिक सुरक्षा को मजबूत करने पर फोकस। (सांकेतिक फोटो)

HighLights

  1. रात 8 से सुबह 7 बजे महिला कर्मचारी अकेले कैब में नहीं।

  2. धरना-प्रदर्शन केवल सेक्टर-25 रैली ग्राउंड में ही होंगे।

  3. होटल, किराएदार, नौकरों के लिए आईडी सत्यापन अनिवार्य।

राजेश ढल्ल, चंडीगढ़। शहर में कानून-व्यवस्था और नागरिक सुरक्षा को मजबूत करने के लिए जिला प्रशासन ने एक साथ छह बड़े फैसले लिए हैं। जिला मजिस्ट्रेट निशांत कुमार यादव ने अलग-अलग आदेश जारी किए हैं।

ये सभी आदेश 14 नवंबर से 60 दिन के लिए लागू रहेंगे। उल्लंघन करने पर  कार्रवाई होगी। प्रशासन ने साफ किया है कि इन आदेशों का मकसद महिला सुरक्षा, संदिग्ध गतिविधियों पर रोक, किराएदारों व होटलों में ठहरने वालों की पहचान सुनिश्चित करना और सार्वजनिक व्यवस्था बनाए रखना है।

महिला कर्मचारी को अकेले नहीं भेजा जा सकेगा

रात 8 से सुबह 7 बजे तक किसी भी महिला कर्मचारी को कैब में ड्राइवर के साथ अकेले नहीं भेजा जा सकेगा। कैब में सत्यापित सुरक्षा गार्ड या पुरुष सहकर्मी का होना अनिवार्य होगा। महिला को उसके घर के गेट पर ही उतारना होगा और उसके सुरक्षित घर में प्रवेश करने तक कैब को वहीं रुकना होगा। सभी कैब में जीपीएस और ड्राइवरों का पुलिस सत्यापन जरूरी किया गया है।

धरना-प्रदर्शन सिर्फ सेक्टर-25 रैली ग्राउंड में

शहर में सेक्टर-25 रैली ग्राउंड के अलावा कहीं भी रैली, धरना, जुलूस, हड़ताल पर रोक लगा दी गई है। पांच या अधिक लोगों के एकत्र होने पर प्रतिबंध रहेगा। रैली ग्राउंड में भी प्रदर्शन के लिए जिला मजिस्ट्रेट या संबंधित एसडीएम से लिखित अनुमति लेनी होगी। शादी, अंतिम संस्कार और ड्यूटी पर तैनात सुरक्षा बलों को इससे छूट दी गई है।

होटल और गेस्ट हाउस में बिना आईडी एंट्री नहीं

सभी होटल, सराय, गेस्ट हाउस संचालकों को बिना पहचान पत्र के किसी को भी कमरा देने पर रोक लगा दी गई है। हर आगंतुक का नाम, पता, मोबाइल नंबर और आईडी प्रूफ का विवरण रजिस्टर में दर्ज करना होगा। आधार कार्ड, वोटर कार्ड, पासपोर्ट, ड्राइविंग लाइसेंस मान्य होंगे।

किराएदार और नौकरों का सत्यापन 

मकान मालिकों को अपने किराएदार, पीजी और घरेलू नौकरों की जानकारी संबंधित थाने के एसएचओ को लिखित में देनी होगी। पहले से रखे गए नौकरों की जानकारी भी देनी होगी। इससे अपराध पर अंकुश लगाने में मदद मिलेगी।

ट्रैवल एजेंटों पर शिकंजा

सभी ट्रैवल एजेंट, वीजा कंसल्टेंट, टिकटिंग एजेंट और आईलेट्स संस्थानों को अपने मालिक और प्रबंधकों का विवरण एसडीएम कार्यालय में जमा कराना होगा। नए एजेंटों को कारोबार शुरू करने के चार सप्ताह के भीतर सत्यापन करवाना अनिवार्य होगा।

सेना-पुलिस की वर्दी बिक्री पर नियंत्रण

सेना, पुलिस और अर्धसैनिक बलों की वर्दी, लोगो, स्टिकर, झंडे बेचने वाले दुकानदारों को अब खरीदार की आईडी लेनी होगी और बिक्री का पूरा रिकॉर्ड रखना होगा। बिना रिकॉर्ड के बिक्री नहीं हो सकेगी। 

 

 

 

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।