विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

चंडीगढ़ में हत्या केस में 6 नाबालिग गिरफ्तार; दिनदहाड़े बीच बाजार घेरकर किया था तेजधार हथियारों से हमला

Published: Sat, 16 May 2026 04:06 PM (IST)

चंडीगढ़ के दड़वा में 20 वर्षीय सूरज की दिनदहाड़े तेजधार हथियारों से हत्या के मामले में पुलिस ने छह नाबालिगों ...और पढ़ें

सूरज पर तेजधार हथियारों से हमला करते हमलावर। तस्वीर वारदात वाले दिन की है।

सूरज पर तेजधार हथियारों से हमला करते हमलावर। तस्वीर वारदात वाले दिन की है।

HighLights

  1. दड़वा में 20 वर्षीय सूरज की हत्या की गई थी

  2. तेजधार हथियार लेकर पहुंचे थे युवक।

  3. अन्य लोगों की भूमिका का पता लगाया जा रहा।

जागरण संवाददाता, चंडीगढ़। दड़वा में दिनदहाड़े बीच बाजार 20 वर्षीय सूरज की तेजधार हथियारों से हत्या के मामले में इंडस्ट्रियल एरिया थाना पुलिस ने छह नाबालिग आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल हथियारों की बरामदगी का प्रयास कर रही है।

मंगलवार शाम सूरज मार्केट में था। कुछ युवक तेजधार हथियार लेकर वहां पहुंचे और उस पर हमला कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आरोपितों ने सूरज पर तेजधार हथियारों से ताबड़तोड़ वार किए। गंभीर रूप से घायल सूरज सड़क पर गिर पड़ा और काफी खून बहने लगा। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपित मौके से फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल सूरज को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया था।

पुलिस जांच में सामने आया है कि हत्या के पीछे रंजिश मुख्य वजह हो सकती है। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और तकनीकी जांच के आधार पर छह नाबालिगों को हिरासत में लिया। पूछताछ के बाद सभी को गिरफ्तार कर लिया गया।

मृतक सूरज एक निजी कंपनी में काम करता था। उसके माता-पिता वन विभाग में कार्यरत बताए जा रहे हैं। वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी और फोरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची थी। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की जांच जारी है और वारदात में शामिल अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाली जा रही है।