चंडीगढ़ निगम चुनाव के लिए AAP की पहली सूची जारी, 9 उम्मीदवार घोषित; जानें किस वार्ड से मैदान में कौन?
चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव के लिए आम आदमी पार्टी ने 9 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की है। पार्टी ने ...और पढ़ें

आम आदमी पार्टी ने उम्मीदवार किए घोषित।
HighLights
AAP ने चंडीगढ़ निगम चुनाव के लिए पहली सूची जारी की।
कुल 9 वार्डों के लिए उम्मीदवारों के नाम घोषित हुए।
महिला आरक्षित वार्डों में पारिवारिक समीकरणों को महत्व।
राजेश ढल्ल, चंडीगढ़। चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव दिसंबर में प्रस्तावित हैं और तारीख की घोषणा इसी महीने हो सकती है। आम आदमी पार्टी (आप) ने शुक्रवार को उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की है। 9 वार्डों के लिए उम्मीदवार घोषित किए गए हैं।
वहीं, कांग्रेस और भाजपा अभी अपने संभावित दावेदारों के नामों पर मंथन कर रही हैं। सूची पर आप के चंडीगढ़ प्रभारी जरनैल सिंह और पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष विजय पाल सिंह के हस्ताक्षर हैं। इस सूची में महिला आरक्षण के चलते बदले राजनीतिक समीकरणों की झलक भी दिखाई दे रही है।
वार्डवार घोषित उम्मीदवारों की सूची
- वार्ड-1 से दिलदार सिंह
- वार्ड 21 से गुरप्रीत कौर लड्डी
- वार्ड 22 से अंजू कत्याल
- वार्ड 23 से ओंकार सिंह औलख
- वार्ड 24 से कुलदीप कुमार
- वार्ड 25 से राधिका ढींगरा
- वार्ड 27 से अजीत सिंह जिंद
- वार्ड 30 से सतनाम कौर
- वार्ड 32 से अरुण प्रभा खुरचा
अंजू कत्याल को दोबारा टिकट
वार्ड 22 से अंजू कत्याल को दोबारा उम्मीदवार घोषित किया गया है। वह मौजूदा पार्षद हैं। वार्ड 25 महिला के लिए आरक्षित होने के बाद पार्षद योगेश ढींगरा की पत्नी राधिका ढींगरा को उम्मीदवार बनाया गया है।
हरदीप के वार्ड से उनकी भाभी लड़ेंगी चुनाव
इसी तरह पार्षद हरदीप सिंह के वार्ड के महिला आरक्षित होने के बाद उनकी भाभी को चुनावी मैदान में उतारा गया है। जसवीर सिंह लड्डी के वार्ड में भी महिला आरक्षण लागू होने के कारण उनकी पत्नी को चुनाव मैदान में उतारा गया है।
आप की पहली सूची से साफ है कि पार्टी ने कुछ वार्डों में पुराने राजनीतिक और पारिवारिक समीकरणों को ध्यान में रखकर उम्मीदवारों का चयन किया है। खासकर महिला आरक्षित वार्डों में मौजूदा पार्षदों के परिवारों को प्राथमिकता देकर पार्टी ने अपने स्थानीय राजनीतिक आधार को बनाए रखने की कोशिश की है।
कांग्रेस और भाजपा की सूची का इंतजार
नगर निगम के 35 वार्डों के लिए चुनाव दिसंबर में प्रस्तावित हैं। ऐसे में पहली सूची जारी कर आप ने अपने उम्मीदवारों को प्रचार और जनसंपर्क के लिए समय देने की रणनीति अपनाई है। अब कांग्रेस और भाजपा की सूची का इंतजार है। दोनों दलों में टिकट के दावेदार सक्रिय हैं और वार्डों के आरक्षण तथा स्थानीय समीकरणों को ध्यान में रखकर नामों पर विचार किया जा रहा है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।