एक चुनाव चिह्न पर अधिक दलों का दावा तो लॉटरी से होगा फैसला, चंडीगढ़ निगम चुनाव की तैयारी तेज; नियम जारी
चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव के लिए चुनाव चिह्न आवंटन के नए नियम जारी किए गए हैं। राष्ट्रीय दलों को आरक्षित ...और पढ़ें

चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव की तैयारियां तेज। (सांकेतिक फोटो)
HighLights
चुनाव चिह्न आवंटन के नए नियम जारी किए गए।
राष्ट्रीय दलों को आरक्षित चिह्न, निर्दलीयों को 184 मुक्त।
35 वार्डों के लिए सामान्य और व्यय पर्यवेक्षक नियुक्त।
जागरण संवाददाता, चंडीगढ़। स्मार्टसिटी में नगर निगम चुनाव की तैयारियां तेज हो गई हैं। चुनाव चिह्न आवंटन के नियम जारी किए गए, जिसके तहत राष्ट्रीय दलों को अपने आरक्षित चुनाव चिह्न पर ही चुनाव लड़ना होगा। निर्दलीयों के लिए 184 मुक्त चिह्नों की सूची जारी की गई। एक ही चुनाव चिह्न पर एक से अधिक दल दावा करते हैं तो लॉटरी के जरिये फैसला किया जाएगा।
चुनाव आयोग ने चुनाव चिह्नों के आरक्षण और आवंटन के लिए चुनाव चिह्न (आरक्षण एवं आवंटन) आदेश, 2026 जारी कर दिया है। इसके साथ ही निगम के सभी 35 वार्डों के लिए सामान्य और व्यय पर्यवेक्षकों की नियुक्ति भी कर दी गई है।
राज्य चुनाव आयुक्त डाॅ. विजय देव ने छह नवंबर को इस आदेश पर हस्ताक्षर किए थे, जिसे वीरवार को चंडीगढ़ प्रशासन के राजपत्र में प्रकाशित किया गया। आदेश प्रकाशन के साथ ही लागू हो गया है।
नए आदेश के तहत राष्ट्रीय राजनीतिक दलों के उम्मीदवारों को भारत निर्वाचन आयोग की ओर से आवंटित आरक्षित चुनाव चिह्न पर ही चुनाव लड़ना होगा। इनमें आम आदमी पार्टी का झाड़ू, भाजपा का कमल, कांग्रेस का हाथ, बसपा का हाथी, माकपा का हथौड़ा, दरांती और तारा तथा नेशनल पीपुल्स पार्टी का किताब चुनाव चिह्न शामिल है।
राष्ट्रीय दलों के उम्मीदवारों के नामांकन के लिए एक प्रस्तावक पर्याप्त होगा। दूसरे राज्यों के मान्यता प्राप्त राजनीतिक दल अपने आरक्षित चुनाव चिह्न पर चुनाव लड़ने के लिए नामांकन अधिसूचना जारी होने के तीन दिन के भीतर राज्य चुनाव आयोग के समक्ष आवेदन कर सकेंगे।
ऐसे उम्मीदवारों को नामांकन के लिए दस प्रस्तावकों की जरूरत होगी। यदि एक ही चुनाव चिह्न पर एक से अधिक दल दावा करते हैं तो आयोग लॉटरी के माध्यम से फैसला करेगा।
निर्दलीयों को मिलेंगे 184 मुक्त चुनाव चिह्न
निर्दलीय उम्मीदवारों के लिए आयोग ने 184 मुक्त चुनाव चिह्नों की सूची निर्धारित की है। उम्मीदवार नामांकन पत्र में अपनी पसंद के चुनाव चिह्नों का उल्लेख कर सकेंगे। एक ही चिह्न पर कई उम्मीदवारों की दावेदारी होने पर रिटर्निंग अधिकारी लॉटरी के जरिये आवंटन करेंगे। पंजीकृत लेकिन गैर-मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के उम्मीदवारों को भी निर्दलीय की श्रेणी में रखा जाएगा।
नामांकन की अंतिम तारीख को 3 बजे तक देने होंगे फार्म
किसी उम्मीदवार को राजनीतिक दल का अधिकृत प्रत्याशी मानने के लिए फार्म ए और बी जमा करना अनिवार्य होगा। नामांकन की अंतिम तारीख को दोपहर तीन बजे तक दोनों फॉर्म रिटर्निंग अधिकारी और राज्य चुनाव आयोग को सौंपने होंगे। फार्म बी पर अधिकृत व्यक्ति के वास्तविक हस्ताक्षर जरूरी होंगे। फैक्स से भेजे गए हस्ताक्षर स्वीकार नहीं किए जाएंगे।
35 वार्डों के लिए पर्यवेक्षक नियुक्त
आयोग ने सामान्य पर्यवेक्षक के रूप में स्वप्निल एम. नाइक (वार्ड 1 से 8), डी. कार्तिकेयन (9 से 16), मोहम्मद मंसूर एल. (17 से 24) और प्रदीप कुमार (25 से 35) को जिम्मेदारी सौंपी है। वहीं, व्यय पर्यवेक्षक के रूप में सुरेश कुमार, सुरिंदर पाल सिंह, राजन देव शर्मा और प्रदीप चोपड़ा को इन्हीं वार्ड समूहों की जिम्मेदारी दी गई है। दोनों श्रेणियों में दो-दो अधिकारियों को रिजर्व में रखा गया है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।