चंडीगढ़ निगम चुनाव के लिए नामांकन शुरू, किसी उम्मीदवार ने नहीं भरा पर्चा; राजनीतिक दलों में चल रहा मंथन
चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया शुरू हो गई है, लेकिन पहले दिन किसी भी उम्मीदवार ने पर्चा दाखिल नहीं किया। राजनीतिक दल, खासकर कांग्रेस और भाजपा, अभी भी टिकटों पर मंथन कर रहे हैं, जबकि आप ने 17 उम्मीदवारों की सूची जारी की है।

नगर निगम चुनाव के लिए 23 दिसंबर को होगा मतदान। (सांकेतिक फोटो)
HighLights
चंडीगढ़ निगम चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया हुई शुरू।
पहले दिन किसी भी उम्मीदवार ने नहीं भरा पर्चा।
राजनीतिक दल अभी भी टिकटों पर कर रहे मंथन।
राजेश ढल्ल, चंडीगढ़। 23 दिसंबर को होने वाले नगर निगम चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। वीरवार को नामांकन पत्र दाखिल करने का पहला दिन था, लेकिन किसी भी उम्मीदवार ने पर्चा दाखिल नहीं किया। राजनीतिक दलों में अभी भी मंथन चल रहा है।
आम आदमी पार्टी (आप) ने 17 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर चुनावी मुकाबले में शुरुआती बढ़त लेने की कोशिश की है, लेकिन उसके घोषित उम्मीदवारों में से भी कोई पर्चा भरने नहीं पहुंचा।
दूसरी ओर कांग्रेस और भाजपा में टिकटों को लेकर अभी भी मंथन जारी है। दोनों दल उम्मीदवारों के नामों पर सहमति बनाने में जुटे हैं। नामांकन प्रक्रिया शुरू होने के बावजूद राजनीतिक दलों की यह सुस्ती बताती है कि टिकटों के एलान में देरी का असर चुनावी तैयारियों पर पड़ रहा है।
अब सभी की नजर कांग्रेस और भाजपा की उम्मीदवारों की सूची पर है। दोनों दल नवंबर के अंत तक प्रत्याशियों के नाम घोषित कर सकते हैं। ऐसे में नामांकन के शुरुआती दिनों में राजनीतिक गतिविधियां तेज होने की संभावना है।